नगर निकाय चुनाव से पूर्व पुलिसकर्मियों को विशेष प्रशिक्षण, एसपी ने दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
Seraikella
सरायकेला: नगर निकाय निर्वाचन को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला पुलिस प्रशासन द्वारा टाउन हॉल में चुनाव ड्यूटी पर जाने से पूर्व पुलिसकर्मियों को विशेष प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में मुकेश लुनायत (पुलिस अधीक्षक) मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
सारायकेला-खरसावां जिला पुलिस द्वारा आयोजित इस प्रशिक्षण में एसपी ने पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को मतदान के दौरान बरती जाने वाली विभिन्न सावधानियों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील बूथों पर विशेष सतर्कता बरतने, किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने तथा गड़बड़ी की स्थिति में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

प्रशिक्षण सत्र में मतदान केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था, नियमित पेट्रोलिंग, भीड़ नियंत्रण की रणनीति तथा मतदाताओं को भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता एवं निष्पक्षता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है।
पुलिस अधीक्षक ने सभी पुलिसकर्मियों को अनुशासन, संयम और सतर्कता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का निर्देश देते हुए कहा कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया को सफल बनाने में पुलिस की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। जिला पुलिस प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि नगर निकाय चुनाव को पूरी सुरक्षा और शांति के साथ संपन्न कराया जाएगा।
