राजनगर बाईपास टर्न पर बड़ा हादसा टला, स्कूटी सवार रेलवे कर्मी घायल
Seraikella
सरायकेला–टाटा मार्ग पर राजनगर बाईपास टर्न के समीप शुक्रवार को एक बड़ी सड़क दुर्घटना होते-होते बच गई। सरायकेला थाना क्षेत्र अंतर्गत बड़ा कांकड़ा पंचायत के धातकीडीह गांव निवासी आलोक महतो (36 वर्ष) एवं डॉ. महतो स्कूटी से धातकीडीह से सरायकेला बाजार जा रहे थे। इसी दौरान एमपी पेट्रोल पंप के निकट राजनगर जाने वाले मोड़ पर कांड्रा से राजनगर स्थित रूंगटा माइंस की ओर जा रहा ट्रेलर (संख्या NL01L-3855) मोड़ लेने के दौरान स्कूटी सवारों के काफी नजदीक आ गया। बताया जा रहा है कि ट्रेलर जमशेदपुर से सरायकेला की ओर आ रहा था और राजनगर बाईपास टर्न पर मुड़ते समय स्कूटी उसकी चपेट में आ गई।
घटना में आलोक महतो घायल हो गए। उनके अंगूठे में फ्रैक्चर बताया जा रहा है। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल सदर अस्पताल, सरायकेला ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर स्थित एमजीएम मेडिकल कॉलेज एंड अस्पताल रेफर कर दिया गया। आलोक महतो रेलवे कर्मचारी बताए जा रहे हैं। घटना के बाद कुछ देर के लिए सड़क पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। स्थानीय लोगों ने राजनगर बाईपास टर्न को दुर्घटना संभावित क्षेत्र बताते हुए यहां ट्रैफिक व्यवस्था सुदृढ़ करने एवं चेतावनी संकेतक लगाने की मांग की है।
पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
