नगरपालिका निर्वाचन–2026 से पूर्व उत्पाद विभाग की बड़ी कार्रवाई
105 लीटर अवैध चुलाई शराब, 3.6 लीटर विदेशी शराब व 1500 किलो जावा महुआ बरामद, 3 गिरफ्तार
Seraikella
नगरपालिका (आम) निर्वाचन–2026 को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से उपायुक्त, सरायकेला–खरसावाँ के निर्देश पर उत्पाद विभाग द्वारा जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री एवं परिचालन के विरुद्ध सघन छापामारी एवं रात्रि गश्ती अभियान चलाया जा रहा है।

इसी क्रम में अधीक्षक उत्पाद श्री क्षितिज विजय मिंज के नेतृत्व में आदित्यपुर थाना क्षेत्र के बास्को नगर तथा गम्हरिया थाना क्षेत्र के यशपुर और जिलिंगोडा में विशेष छापेमारी अभियान संचालित किया गया। अभियान के दौरान कुल तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया।
छापेमारी में 105 लीटर अवैध चुलाई शराब, 3.6 लीटर अवैध/नकली विदेशी शराब तथा 1500 किलो जावा महुआ बरामद किया गया। जब्त की गई सामग्री को विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए नष्ट करने की प्रक्रिया प्रारंभ की गई है।

बास्को नगर से गिरफ्तार अभियुक्त विजय जाना एवं नोगा पिंगुआ उर्फ जेके को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। वहीं एक अन्य अभियुक्त के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम के तहत अग्रतर कार्रवाई की जा रही है।
उत्पाद विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्वाचन अवधि में अवैध शराब के विरुद्ध अभियान और भी तेज किया जाएगा। प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि अवैध शराब के निर्माण या बिक्री की सूचना तत्काल संबंधित थाना या उत्पाद विभाग को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
