केरल में थर्ड एनटीपीसी राष्ट्रीय रैंकिंग तीरंदाजी टूर्नामेंट का शुभारंभ, भारतीय तीरंदाजी संघ के अध्यक्ष ने किया उद्घाटन, तीरंदाजी भारत की प्राचीन खेल परंपरा का अभिन्न अंग है-अर्जुन मुंडा
Kerala
केरल में आयोजित थर्ड एनटीपीसी राष्ट्रीय रैंकिंग तीरंदाजी टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ पूर्व मुख्यमंत्री एवं भारतीय तीरंदाजी संघ के अध्यक्ष अर्जुन मुंडा द्वारा किया गया। उद्घाटन समारोह उत्साह और गरिमा के साथ संपन्न हुआ, जिसमें देशभर से आए खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और खेल प्रेमियों की उपस्थिति रही।

इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता के उद्घाटन अवसर पर आयोजन समिति के चेयरमैन एवं विधायक टी.जे. विनोद, केरल तीरंदाजी संघ के अध्यक्ष डॉ. मनोजन के.के., भारतीय तीरंदाजी संघ के कोषाध्यक्ष डॉ. जोरीस पॉलोज़ उम्माचेरिल सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्तर के प्रतिभाशाली तीरंदाजों ने भाग लिया, जिससे आयोजन स्थल पर खेल भावना का उत्साहपूर्ण माहौल बना रहा।

मौके पर श्री मुंडा ने कहा कि तीरंदाजी भारत की प्राचीन खेल परंपरा का अभिन्न अंग रही है। यह केवल एक खेल नहीं, बल्कि ध्यान, धैर्य, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति अटूट समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के राष्ट्रीय रैंकिंग टूर्नामेंट युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और निखारने का सशक्त मंच प्रदान करते हैं, जिससे वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्रों में आर्चरी की अपार संभावनाएं हैं और इन प्रतिभाओं को आगे लाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में खेलों को नई ऊर्जा और प्रोत्साहन मिला है, जिसके परिणामस्वरूप भारत विश्व आर्चरी रैंकिंग में उल्लेखनीय स्थान हासिल कर रहा है। देशभर में आयोजित हो रहे टूर्नामेंट और प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन से खिलाड़ी वैश्विक मंच पर भारत का नाम रोशन कर रहे हैं। अर्जुन मुंडा ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल जीवन में आत्मविश्वास, टीमवर्क और नेतृत्व क्षमता का विकास करता है। उन्होंने केंद्र एवं राज्य सरकारों की ओर से खेल अधोसंरचना को मजबूत करने, ग्रामीण क्षेत्रों से प्रतिभाओं को आगे लाने तथा खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और संसाधन उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता भी दोहराई।
अंत में उन्होंने आयोजन समिति को सफल आयोजन के लिए बधाई दी और देश के विभिन्न हिस्सों से आए खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
