खरसावां के बड़ाबाम्बो में वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता संपन्न,
साइकिल रेस में चमन दोराई विजेता एवं राऊत हेंब्रम बने उपविजेता,
Kharsawan
खरसावां प्रखंड अंतर्गत बड़ाबाम्बो गांव में बसंत पंचमी के पावन अवसर पर मां पाउड़ी मेला समिति बड़ाबांबो द्वारा आयोजित दो दिवसीय वार्षिक मेला सह खेलकूद प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का समापन पुरस्कार वितरण के साथ हुआ। इस दौरान बड़ी संख्या में प्रतिभागियों एवं दर्शकों की मौजूदगी ने आयोजन को उत्साहपूर्ण बना दिया।

प्रतियोगिता में युवाओं, महिलाओं और बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस आयोजन का मुख्य आकर्षण साइकिल रेस रही, जिसे देखने के लिए दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। साइकिल रेस में शानदार प्रदर्शन करते हुए चमन दोराई ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। जिन्हें समिति के अध्यक्ष रामदास नायक के हाथों 18 हजार नकद पुरस्कार प्रदान किया गया। जबकि उपविजेता बने राऊत हेंब्रम को समिति के सचिव प्रशांत महतो द्वारा 14 हजार का पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। समिति के पदाधिकारियों ने सभी विजेताओं एवं प्रतिभागियों को बधाई दी। मेला समिति द्वारा विभिन्न वर्गों के लिए कई मनोरंजक एवं प्रतिस्पर्धात्मक खेलों का आयोजन किया गया। जिनमें सूई-धागा रेस, म्यूजिकल चेयर रेस, मेंढक रेस, हांडी फोड़, जवानों की दौड़, बच्चों की दौड़, बैलून फोड़, सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता, रिंग रेस, चुका रेस आदि शामिल रहे। मेला सह खेलकूद प्रतियोगिता देखने के लिए आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और मेले का भरपूर आनंद उठाया। बच्चों के मनोरंजन के लिए झूले एवं तरह-तरह के खिलौनों की दुकानें भी लगाई गई थीं। गौरतलब है कि यह खेलकूद प्रतियोगिता पहले सरस्वती पूजा के अवसर पर आयोजित की जाती थी, लेकिन इस वर्ष से समिति के अध्यक्ष रामदास नायक ने जानकारी दी कि सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया है कि अब प्रत्येक वर्ष 1 और 2 फरवरी को ही मेला सह खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन को सफल बनाने में पदमलोचन महतो, कार्तिक महतो, मेलाराम महतो, विजय महतो, कमल नायक, आनंद मुदी, अनिल महतो, खिरोद महतो, ऋषिकेश महतो, दिवाकर महतो, रैयबु मुदी, मनमोहन महतो, प्रकाश महतो, सत्यप्रकाश महतो सहित कई स्थानीय लोगों का सराहनीय योगदान रहा।
