खरसावां के आकर्षिणी में लगा 13वां महा रक्तदान शिविर, 221 यूनिट रक्त का हुआ संग्रह, विज्ञान चाहे जितनी भी तरक्की कर ले, रक्त का निर्माण शरीर से संभव है, मशीन से नहीं-अर्जुन मुंडा
Kharsawan
खरसावां प्रखंड स्थित मां आकर्षिणी मंदिर प्रांगण में रविवार को मां आकर्षिणी विकास समिति (ट्रस्ट), चिलकु की ओर से 13 वें महा रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 221 यूनिट रक्त का संग्रह किया गया। रक्तदान करने वाले सभी रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मां आकर्षिणी देवी के समक्ष झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा, मां आकर्षिणी विकास समिति (ट्रस्ट) की अध्यक्षा डॉ. मीरा मुंडा, पूर्व विधायक मंगल सिंह सोय, प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रधान माझी आदि द्वारा विधिवत पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना के साथ की गई। इसके बाद दीप प्रज्वलित कर महा रक्तदान शिविर का उद्घाटन किया गया।

इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि विज्ञान चाहे जितनी भी तरक्की कर ले, लेकिन रक्त का निर्माण आज भी मशीन से संभव नहीं है। रक्त केवल मानव शरीर से ही बन सकता है। उन्होंने कहा कि रक्तदान मानवीय संवेदना का श्रेष्ठ उदाहरण है।

रक्त किसी जाति, धर्म या मजहब को नहीं देखता, वह केवल जीवन को बचाने का कार्य करता है। रक्तदान से न केवल किसी जरूरतमंद की जान बचती है, बल्कि दान करने वाले को भी मानसिक संतुष्टि और आत्मिक सुख की अनुभूति होती है। श्री मुंडा ने यह भी कहा कि नियमित रक्तदान से हार्ट अटैक की संभावना काफी हद तक कम हो जाती है, क्योंकि इससे रक्त पतला रहता है और थक्के जमने की आशंका कम होती है। साथ ही रक्तदान से वजन नियंत्रित रहता है। उन्होंने लोगों से वर्ष में कम से कम दो बार रक्तदान करने की अपील की। वहीं श्री बोदरा ने कहा कि रक्तदान एक अत्यंत सराहनीय और मानवहित में किया जाने वाला कार्य है। इसके लिए मां आकर्षिणी विकास समिति बधाई की पात्र है। उन्होंने लोगों से स्वस्थ जीवन, स्वच्छता और रचनात्मक सोच के साथ समाज सेवा में आगे आने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान रक्तदाताओं के बीच प्रमाण पत्र का वितरण किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर रक्तदान किया। इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, जिप अध्यक्ष सोनाराम बोदरा, ट्रस्ट अध्यक्षा डॉ. मीरा मुंडा, पूर्व विधायक मंगल सिंह सोय, सांसद प्रतिनिधि छोटे राय किस्कू, उपाध्यक्ष सुधीर मंडल, बीडीओ प्रधान माझी, खरसावा थाना प्रभारी गौरव कुमार, जिप सावित्री बानरा, भाजपा जिलाध्यक्ष हरे कृष्णा प्रधान, उदय प्रताप सिंहदेव, विजय महतो, बॉबी सिंह, सुमित चौधरी, रानी हेंब्रम, चिलकु मुखिया सविता मुंडारी, नवकुमार मंडल, विश्वजीत प्रधान, सुमंत मोहंती, प्रभाकर मंडल, हेमंत मंडल, कंचन चौहान, चांद चौहान, सपन मंडल, लक्ष्मण गांगुली आदि उपस्थित थे।
