*उपायुक्त के साप्ताहिक जनता दरबार का आयोजन — जनसमस्याओं के त्वरित, पारदर्शी एवं समयबद्ध निस्तारण हेतु संबंधित पदाधिकारियों को दिए गए स्पष्ट निर्देश…*
Seraikella
आज समाहरणालय भवन स्थित कार्यालय कक्ष में उपायुक्त, सरायकेला–खरसावाँ श्री नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में साप्ताहिक जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार के दौरान जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं नगर क्षेत्रों से आए नागरिकों द्वारा प्रस्तुत जनसमस्याओं पर उपायुक्त द्वारा क्रमवार एवं गंभीरतापूर्वक सुनवाई की गई।

जनता दरबार में प्रस्तुत प्रमुख प्रकरणों में खरसावाँ अंचल अंतर्गत हरिभांजा मौजा में सीमांकन के लंबित निष्पादन से संबंधित प्रकरण, नगर पंचायत सरायकेला अंतर्गत सिंदूरकुली टोला में पेयजल एवं स्ट्रीट लाइट से संबंधित समस्याओं का निराकरण, विद्युत खंभों पर एलईडी बल्ब अधिष्ठापन, उत्क्रमित मध्य विद्यालय विचार, कुचाई में शिक्षक के स्थानांतरण के पश्चात उत्पन्न शिक्षक अभाव को देखते हुए विषयगत शिक्षक की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने सहित विभिन्न विभागों से जुड़े अन्य विषय शामिल रहे।
उपायुक्त द्वारा विभागीय, अंचल एवं नगर निकाय स्तर के पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि जनता दरबार में प्रस्तुत सभी प्रकरणों की विधिसम्मत, त्वरित एवं निष्पक्ष जांच करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने यह भी स्पष्ट निर्देश दिया कि जिन मामलों में स्थल निरीक्षण आवश्यक है, वहां अविलंब स्थल निरीक्षण कर तथ्यात्मक प्रतिवेदन समर्पित किया जाए, ताकि आम नागरिकों को शीघ्र न्याय एवं राहत प्रदान की जा सके।
