मझगांव के मध्य विद्यालय आसनपाठ में वार्षिक खेलकूद सम्पन्न,– सीमित संसाधनों के बावजूद मवि आसनपाठ बच्चों को दे रहा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा : जोबा माझी– पढ़ाई के साथ खेलकूद और अन्य रचनात्मक कार्यों में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लें बच्चे: निरल पुरती
Majhgaon
मझगांव : मझगांव प्रखंड अंतर्गत मध्य विद्यालय आसनपाठ में शुक्रवार को वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता आयोजित हुआ। कार्यक्रम में सिंहभूम की सांसद जोबा माझी बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में स्थानीय विधायक निरल पुरती व सम्मानित अतिथियों में जिला परिषद सदस्य पूनम जेराई, प्रमुख सरस्वती चातर, आसनपाठ मुखिया लक्ष्मी पिंगुवा, कोल्हान नितिर तुरतुंग के अध्यक्ष माझीराम जामुदा, बीपीओ, हो भाषा के राज्य साधनसेवी शिक्षकगण कृष्णा देवगम, मंगल सिंह मुंडा, आकाशवाणी के उद्घोषक जगन्नाथ हेस्सा, विद्यालय प्रबंधन समिति सदस्य व अभिभावकगण मौजूद थे। मौके पर मुख्य अतिथि सांसद जोबा माझी ने कहा कि सीमित संसाधनों के बीच बच्चों की बेहतरीन शैक्षणिक गतिविधियां देखकर एक मॉडल स्कूल का आभास हुआ।

उन्होंने कहा कि मध्य विद्यालय आसनपाठ के शिक्षकों ने यह एहसास करा दिया है कि शिक्षकों की प्रबल इच्छाशक्ति से सीमित संसाधनों से भी नवाचार की दिशा में आगे बढ़ सकते हैं। उन्होंने खेलकूद में बेहतर प्रदर्शन करने वाले बच्चों को बधाई देते हुए कहा कि शिक्षकों के मार्गदर्शन में अनुशासित तरीके से शिक्षित बनकर जीवन संवारने के लिए खूब मेहनत करें। इस दौरान उन्होंने सीमित संसाधनों से ग्रामीण विद्यालय में बच्चों को शैक्षणिक माहौल प्रदान करने पर राष्ट्रीय सेमिनार में सम्मानित किए जाने पर शिक्षक विमल किशोर बोयपाई को बधाई दी। उन्होंने अभिभावकों से अपने बच्चों को नियमित स्कूल भेजने की अपील किया और विद्यालय को स्मार्ट बोर्ड की सुविधा से सुसज्जित करने की घोषणा किया।

वहीं विशिष्ट अतिथि विधायक निरल पुरती ने कहा कि बच्चे पढ़ाई के साथ खेलकूद और अन्य रचनात्मक कार्यों में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लें। उन्होंने कहा कि मध्य विद्यालय आसनपाठ के बच्चे भाग्यशाली हैं कि यहां विमल किशोर बोयपाई सरीखे शिक्षक हैं जो बच्चों की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए खूब मेहनत करते हैं। उन्होंने कहा कि हमारे क्षेत्र में रेल व राष्ट्रीय राजपथ नहीं होने के बावजूद शिक्षा और खेलकूद को बढ़ावा देने के लिए हम जनप्रतिनिधि होने के नाते अग्रणी भूमिका निभाने के लिए प्रयत्नशील हैं। सम्मानित अतिथि बच्चों को कोल्हान नितिर तुरतुंग के अध्यक्ष माझीराम जामुदा ने भी संबोधित करते हुए कहा खेलकूद स्कूली शिक्षा का अभिन्न अंग है। पढ़ाई से बौद्धिक क्षमता और खेल से शरीर में स्फूर्ति व स्वस्थ कायम रहता है। उन्होंने कहा कि आज के शिक्षक बच्चों के शैक्षणिक विकास के लिए खूब मेहनत कर रहे हैं, बस अभिभावकों को जागरूकता का परिचय देते हुए बच्चों को नियमित स्कूल भेजें। मौके पर टाटा स्टील की ओर से अंजिक्य बिरुवा ने विद्यालय कंप्यूटर सेट प्रदान किया गया।इस दौरान विद्यालय परिवार की ओर से विद्यालय को हौसला देने के लिए बहुभाषी शिक्षा पर कार्य कर रहे राज्य साधनसेवी शिक्षक कृष्णा देवगम को सांसद के हाथों में मोमेंटो प्रदान किया गया।
इससे पूर्व विद्यालय के प्रभारी अजय कुमार एवं हाल में रांची में आयोजित राष्ट्रीय सेमिनार में सीमित संसाधनों से ग्रामीण विद्यालय का रुपांतरण: एक नवाचार आधारित सफल केस स्टडी पर सम्मानित विज्ञान शिक्षक विमल किशोर बोयपाई की अगुवाई में अतिथियों का ढोल-नगाड़े की धुन पर पारंपरिक नृत्य कर स्वागत किया गया। मौके पर कोल्हान नितिर तुरतुंग के महासचिव प्रेम सिंह डांगिल, युवा समाजसेवी रविन्द्र गिलुवा,राजकिशोर बोयपाई, हरिश पाठ पिंगुवा, संजय कुमार जारिका समेत काफी अभिभावकगण उपस्थित थे।
–सांसद जोबा माझी व विधायक निरल पुरती ने किया विजेताओं को पुरस्कृत
प्रतियोगिता में कक्षा 1 से 5 स्तर के प्रतियोगिता मेंढ़क रेस में प्रथम वीर बहादुर सिंकू, द्वितीय विसर्जन पिंगुवा, तृतीय ऋषभ सिंकू ने प्राप्त किया। 6 से 8 कक्षा स्तर के गिलास रेस में प्रथम लक्ष्मी पिंगुवा, द्वितीय शबनम तिरिया एवं तृतीय ज्योति कुमारी महाराणा रहे। तीन पैर की दौड़ में मंगल पिंगुवा प्रथम सुरेन्द्र पिंगुवा द्वितीय और ज्योति रानी सिंकू ने तृतीय स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। रस्सी दौड़ में प्रथम शबनम तिरिया, द्वितीय लक्ष्मी बिरुवा व तृतीय विनीता पिंगुवा रहे। गोला फेंक में प्रथम विभीषण पिंगुवा द्वितीय जनवरी पुरती व तृतीय समीर सिंकू रहे। बैलून फोड़ में प्रथम सत्यराम सिंकू, द्वितीय जगदीश पिंगुवा व तृतीय सुखराम सिंकू ने प्राप्त किया। कार्यक्रम में इंस्ट्रूमेंट पीटी, कराटे, बॉक्सिंग के अलावा कौशल विकास पर आधारित स्पर्धाएं साइकिल मरम्मती, हेयर कटिंग, झाड़ू निर्माण, बिजली, कंप्यूटर आदि का प्रदर्शन प्रतियोगिता का आकर्षण का केंद्र रहा। विजेता प्रतिभागियों को अतिथियों के हाथों पुरस्कृत किया गया।
