सरायकेला खरसावां में पहली बार महिला खिलाड़ियों के
लिए जिला फुटबॉल लीग, फुटबॉल क्लबों का रजिस्ट्रेशन 1 फरवरी से,
प्रतिभाशाली बेटियों को आगे बढ़ने का मिलेगा अवसर,
Kharsawan
सरायकेला खरसावां जिले के खेल इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। जिले में पहली बार महिला खिलाड़ियों के लिए जिला स्तरीय फुटबॉल लीग का आयोजन किया जाएगा। इस लीग का आयोजन सरायकेला खरसावां जिला फुटबॉल एसोसिएशन की ओर से किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य जिले की प्रतिभाशाली महिला खिलाड़ियों को पहचान दिलाना और उन्हें राज्य व राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का अवसर प्रदान करना है। जिला फुटबॉल लीग में भाग लेने वाली महिला खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर चयन किया जाएगा, जिससे चयनित खिलाड़ी आगे राज्य एवं देश की टीमों में खेलने का अवसर प्राप्त कर सकेंगी। एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बताया कि इस पहल से ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों की बेटियों को भी अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच मिलेगा। जिला स्पोर्ट्स एसोसिएशन के सचिव मो दिलदार एवं 7-साइड संगठन के अध्यक्ष उमेश सिंहदेव के द्वारा जारी संयुक्त बयान में बताया गया कि महिला फुटबॉल क्लबों का रजिस्ट्रेशन 1 फरवरी से 10 फरवरी तक किया जाएगा। क्लब रजिस्ट्रेशन शुल्क एक हजार तथा प्रति खिलाड़ी रजिस्ट्रेशन शुल्क 50 रूपयें निर्धारित किया गया है। रजिस्ट्रेशन के लिए आधार कार्ड की प्रति और तीन रंगीन फोटो अनिवार्य रूप से जमा करनी होंगी।

प्रतियोगिता का शुभारंभ 20 फरवरी से होगा। लीग को लेकर जिले की महिला खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। गौरतलब है कि सरायकेला खरसावां जिला पहले भी कई महिला खिलाड़ियों को राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर भेज चुका है। अब जिला फुटबॉल लीग के आयोजन से महिला फुटबॉल को नई दिशा मिलने की उम्मीद है। यह आयोजन न सिर्फ खेलों को बढ़ावा देगा, बल्कि जिले की बेटियों को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने में भी अहम भूमिका निभाएगा। बता दे कि सरायकेला खरसावां जिला स्पोर्ट्स एसोसिएशन वर्ष 2006 से लगातार महिला खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करता आ रहा है। अब तक श्रीमती कुदादा, शांति पड़िया, जमुना गोप, चांदनी मुंदरी, जयंती देवगन, ललिता तिरिया, धनेश्वरी महतो, बबीता महतो, बसंती घाघरा सहित दर्जनों खिलाड़ी राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर जिले का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। जो भी महिला फुटबॉल क्लब इस जिला फुटबॉल लीग में भाग लेना चाहते हैं, वे लीग के संयोजक पिनाकी रंजन से मोबाइल नंबर 94319 64186 पर संपर्क कर सकते हैं। यह आयोजन जिले की महिला खिलाड़ियों के लिए एक नई पहचान और उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
