सरायकेला नगर क्षेत्र में जल्द हटेगा अतिक्रमण, पहले माइकिंग से दी जाएगी चेतावनी,
Seraikela
सरायकेला।सरायकेला नगर क्षेत्र में लगातार बढ़ते अतिक्रमण को लेकर अब प्रशासन सख्त रुख अपनाने जा रहा है। नगर की सड़कों पर फैले अतिक्रमण के कारण आम नागरिकों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसी को देखते हुए अनुमंडल पदाधिकारी के निर्देशानुसार नगर पंचायत विभाग द्वारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शीघ्र प्रारंभ की जाएगी। हालांकि, प्रशासन की ओर से पहले चरण में माइकिंग के माध्यम से लोगों को स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाने का निर्देश जारी किया जाएगा।
इस संबंध में सिटी मैनेजर सुमित सुमन ने जानकारी देते हुए बताया कि नगर क्षेत्र की कई प्रमुख सड़कें अतिक्रमण के कारण काफी संकीर्ण हो गई हैं, जिससे दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण के कारण न केवल आम नागरिकों बल्कि स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और आपातकालीन सेवाओं को भी परेशानी हो रही है। इसी वजह से नगर पंचायत विभाग द्वारा यह निर्णय लिया गया है कि पहले लोगों को जागरूक किया जाए और स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाने का अवसर दिया जाए।
सुमित सुमन ने बताया कि इस मुद्दे को लेकर शीघ्र ही स्थानीय चेंबर ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधियों के साथ एक बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में चेंबर ऑफ कॉमर्स को वर्तमान स्थिति से अवगत कराते हुए दुकानदारों से अपील की जाएगी कि वे स्वयं आगे बढ़कर सड़क पर किए गए अतिक्रमण को हटा लें, ताकि प्रशासन को बल प्रयोग करने की आवश्यकता न पड़े।
उन्होंने यह भी बताया कि नगर क्षेत्र की मुख्य सड़कों पर अतिक्रमण की स्थिति सबसे अधिक गंभीर है। विशेष रूप से पुरानी बस स्टैंड से थाना चौक तक, संजय चौक से कालूराम चौक तक तथा धर्मशाला रोड पर कई दुकानदारों द्वारा जानबूझकर सड़क के हिस्से पर कब्जा किया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समयावधि के बाद भी यदि अतिक्रमण नहीं हटाया गया, तो नगर पंचायत द्वारा सख्त कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटाया जाएगा।
