सरायकेला मे हमारा संकल्प सुरक्षित एवं सशक्त महिला–सशक्त झारखंड’ कार्यक्रम के तहत अनुमंडल स्तरीय एक दिवसीय प्रशिक्षण सह कार्यशाला,
Seraikela
सरायकेला।महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग, झारखंड सरकार द्वारा ‘हमारा संकल्प सुरक्षित एवं सशक्त महिला–सशक्त झारखंड’ कार्यक्रम के तहत मंगलवार को सरायकेला नगर स्थित टाउन हॉल में अनुमंडल स्तरीय एक दिवसीय प्रशिक्षण सह कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, पद्मश्री सम्मानित सामाजिक कार्यकर्ता छुटनी महतो, जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो तथा जिला परिवहन पदाधिकारी गिरजा शंकर महतो शामिल थे। विभिन्न प्रखंडों से आए प्रखंड विकास पदाधिकारियों, अंचल अधिकारियों, बाल विकास परियोजना पदाधिकारियों, महिला पर्यवेक्षिकाओं, पंचायत प्रतिनिधियों, स्वयं सहायता समूह की दीदियों एवं अन्य संबंधित पदाधिकारियों की सक्रिय सहभागिता रही।
कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य जिले में महिलाओं को सामाजिक, आर्थिक एवं शैक्षणिक रूप से सशक्त बनाना, बाल विवाह जैसी कुप्रथाओं पर प्रभावी रोक लगाना तथा दहेज, नशाखोरी एवं अन्य सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध जनजागरूकता फैलाना रहा। वक्ताओं ने सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि सामूहिक प्रयास से ही समाज में सकारात्मक बदलाव संभव है।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन, समन्वय एवं जमीनी स्तर पर प्रभावी निगरानी के संबंध में प्रशिक्षण दिया गया। आयोजकों ने उम्मीद जताई कि इस कार्यशाला से महिला सशक्तिकरण की दिशा में जिले में ठोस परिणाम देखने को मिलेंगे।
