खरसावां में अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर पलटने से चालक की मौत, गांव में शोक, जांच में जुटी पुलिस,
Kharsawan
खरसावां थाना क्षेत्र अंतर्गत जोजोडीह पंचायत के ग्राम रामचन्द्रपुर में सोमवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर पलटने की घटना में चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी इलाज के दौरान सदर अस्पताल सरायकेला में मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल व्याप्त है। प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार करीब एक बजे दिन में रामचन्द्रपुर गांव में एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। इस दुर्घटना में ट्रैक्टर चालक 54 वर्षीय लोटो टिग्गी पिता बीरसिंह टिग्गी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए घायल चालक को बाहर निकाला और तत्काल सदर अस्पताल सरायकेला पहुंचाया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद लोटो टिग्गी को मृत घोषित कर दिया ।वह खरसावां के बोरडा गांव निवासी था। घटना की सूचना मिलने के बाद खरसावां थाना पुलिस द्वारा आवश्यक प्रक्रिया पूरी की गई। बताया जा रहा है कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। इधर, मृतक की असामयिक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा और सहायता देने की मांग की ।
