जिले में नशा मुक्ति अभियान को गति देने के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकार के द्वारा नगर भ्रमण करते हुए निकाली जागरूकता रैली,
Seraikella
सरायकेला।जिले में नशा मुक्ति अभियान को गति देने के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकार के तत्वावधान में सोमवार को नगर भ्रमण करते हुए एक जागरूकता रैली निकाली गई। इस रैली के माध्यम से आम लोगों को नशाखोरी से होने वाले सामाजिक, मानसिक एवं शारीरिक दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया। रैली की शुरुआत सिविल कोर्ट परिसर से हुई, जहां उपस्थित न्यायिक पदाधिकारियों एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकार के अधिकारियों ने नशा मुक्त समाज के निर्माण का संकल्प दिलाया।

इसके पश्चात रैली मुख्य सड़क होते हुए गेराज चौक, संजय चौक, पटनायक टोला से गुजरते हुए गोपाबंधु चौक तक पहुंची। रैली के दौरान प्रतिभागियों ने नशा मुक्ति से संबंधित नारे लगाए तथा लोगों को नशाखोरी छोड़ने और स्वस्थ जीवन अपनाने का संदेश दिया। गोपाबंधु चौक पहुंचकर उपस्थित लोगों को नशा से होने वाले दुष्प्रभावों, पारिवारिक कलह, आर्थिक नुकसान और अपराध में वृद्धि जैसी समस्याओं के बारे में जानकारी दी गई।
इसके बाद रैली पुनः मुख्य सड़क के रास्ते सिविल कोर्ट परिसर लौट आई। इस जागरूकता अभियान के दौरान आशापुरी एवं नशा से होने वाले दुष्प्रभावों पर विशेष रूप से प्रकाश डाला गया। मौके पर न्यायिक पदाधिकारी, जिला विधिक सेवा प्राधिकार के पारा लीगल वालंटियर तथा अन्य कर्मी सक्रिय रूप से शामिल रहे।
