खरसावां प्रीमियर लीग सीजन-2 क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ, आठ टीमों के बीच होगा मुकाबला, खेल के क्षेत्र में बेहतर कैरियर बना सकते है खिलाड़ी-सोनाराम बोदरा
Kharsawan
खरसावां के अर्जुन स्टेडियम में केपीएल ऑर्गेनाइजेशन कमिटि की ओर से आज आईपीएल के तर्ज पर खरसावां प्रीमियर लीग सीजन-2 प्रतियोगिता2026 का आयोजन किया जा रहा है। रविवार इसकी शुरुआत की गयी। प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा, जिला स्पोर्ट्स एसोसिएशन के सचिव मो दिलदार, ऑल इंडिया आर्चरी एसोसिएशन के जॉइंट सेक्रेटरी सुमंत चंद्र मोहंती, भाजपा जिला अध्यक्ष उदय सिंहदेव ने खिलाडियों से परिचय प्राप्त कर, फिता काट कर और बल्लेबाजी और गेंदबाजी में अपना हुनर दिखाते हुए किया। मौके पर श्री बोदरा ने क्रिकेट को सबसे लोकप्रिय खेल बताते हुए कहा कि खेल के क्षेत्र में भी बेहतर कैरियर बनाया जा सकता है।

खिलाडी लक्ष्य निर्धारित कर खेलें। उन्होंने खेल के साथ साथ पढ़ाई को भी जरुरी बताया। झारखंड के खिलाड़ियों ने देश ही नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय फलक पर भी प्रदेश का नाम रौशन किया है। जबकि मो दिलदार ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कमी नहीं है। उन्हें उचित प्लेटफॉर्म देने की आवश्यकता है। इस तरह के आयोजनों से खिलाड़ी आगे और बेहतर करने के लिये प्रोत्साहित होंगे।उन्होंने खेल के क्षेत्र में हर संभव सहयोग का भरोसा दिया।
प्रीमियर लीग में आठ टीमों के बीच होगा मुकाबला
खरसावां प्रीमियर लीग सीजन-2 में गरूड़ इलेवन, पैंथर्स, जेके सिक्सर, एमआईडी नाइट, हाईबुरू, केसीएम, राइनोस, बीकेआर कंस्ट्रक्शन के बीच महामुकाबला होगा। सभी टीमों में स्थानीय क्रेकेटरों को शामिल किया गया है। इस दौरान मुख्य रूप से जिप अध्यक्ष सोनाराम बोदरा, डीएसए सचिव मो दिलदार, आर्चरी के सेक्रेटरी सुमंत चंद्र मोहंती, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय प्रताप सिंहदेव, पूर्व क्रिकेटर नीलकंठ मोहंती, नयन नायक, केपीएल ऑर्गेनाइजेशन कमिटि के अध्यक्ष विश्वजीत पात्र, सचिव महेश महतो कोषाध्यक्ष धनंजय कर चौधरी, राकेश विषय, बैद्यनाथ नायक, शुभम दास आदि उपस्थित थे।
