आदित्यपुर टाटा मोटर्स प्लांट-3 के डिप्टी जनरल मैनेजर प्रणय कांत प्रसाद को डॉक्टरेट की मानद उपाधि से किया सम्मानित,
Adityapur
सरायकेला।आदित्यपुर स्थित टाटा मोटर्स प्लांट-3 के डिप्टी जनरल मैनेजर प्रणय कांत प्रसाद को डॉक्टरेट की मानद उपाधि से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान उन्हें उद्योग क्षेत्र में लंबे समय से किए जा रहे तकनीकी नवाचार, अनुसंधान और उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रदान किया गया है। उनकी इस उपलब्धि से न केवल टाटा मोटर्स, बल्कि पूरे औद्योगिक क्षेत्र में हर्ष का माहौल है।
डॉ. प्रणय कांत प्रसाद ने ‘कैथोडिक इलेक्ट्रो डिपोजिशन’ विषय पर गहन शोध कार्य करते हुए पीएचडी की उपाधि प्राप्त की है। यह शोध विशेष रूप से ऑटोमोबाइल उद्योग में उन्नत कोटिंग तकनीक, वाहन निर्माण की गुणवत्ता में सुधार तथा दीर्घकालिक मजबूती से जुड़ा हुआ है। विशेषज्ञों के अनुसार, यह शोध भविष्य में वाहन निर्माण प्रक्रियाओं को और अधिक उन्नत बनाने में सहायक सिद्ध होगा।
अपनी इस उपलब्धि को जीवन की बड़ी उपलब्धि बताते हुए डॉ. प्रणय कांत प्रसाद ने कहा कि यह केवल उनकी व्यक्तिगत सफलता नहीं है, बल्कि टाटा मोटर्स के सहयोगी वातावरण, तकनीकी संस्कृति और टीमवर्क का परिणाम है। उन्होंने अपने शोध मार्गदर्शक डॉ. शैलेश और डॉ. प्रतीक के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके निरंतर मार्गदर्शन और प्रेरणा के बिना यह संभव नहीं हो पाता।
उन्होंने बताया कि शोध यात्रा चुनौतीपूर्ण रही, लेकिन सही दिशा, समर्पण और सहयोग के चलते यह लक्ष्य हासिल हुआ। डॉ. प्रणय कांत प्रसाद ने आगे भी ऑटोमोबाइल और उद्योग क्षेत्र में नई तकनीकों, नवाचार और शोध कार्यों पर निरंतर काम करने की प्रतिबद्धता जताई।
