*हाथी के हमले में किसान की मौत, जनप्रतिनिधियों ने जताया शोक
Seraikela
सरायकेला (बिद्युत महतो) चांडिल अनुमंडल के कुकड़ू प्रखंड क्षेत्र के नुतुनडीह गांव में धान की रखवाली के दौरान जंगली हाथी के हमले में 50 वर्षीय बुका महतो उर्फ गौरांग महतो की मौत हो गई। घटना बीती रात करीब 3 बजे की है, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल है।
सूचना मिलते ही चांडिल रेंज के रेंजर शशि प्रकाश एवं फॉरेस्टर राधारमण ठाकुर घटनास्थल पर पहुंचे। वन विभाग द्वारा मृतक के परिजनों को त्वरित सहायता के रूप में ₹50,000 नकद मुआवजा दिया गया। शेष मुआवजा राशि का भुगतान सरकारी प्रक्रिया के तहत आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण होने के बाद किया जाएगा। इसके साथ ही ग्रामीणों की सुरक्षा हेतु तीन टॉर्च लाइट एवं हाथी भगाने के लिए बम-पटाखा भी उपलब्ध कराया गया।
पूर्व जिला परिषद उपाध्यक्ष अशोक साहू उर्फ माझी साव ने कहा, “हाथी के लगातार गांव की ओर आने से ग्रामीणों की जान खतरे में है। वन विभाग को स्थायी समाधान निकालना चाहिए और पीड़ित परिवार को जल्द से जल्द पूर्ण मुआवजा मिलना चाहिए।”
लेटेमदा पंचायत के मुखिया इंद्रजीत सिंह ने कहा, “किसान अपने फसल की रखवाली के दौरान जान गंवा रहे हैं। पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता दी जानी चाहिए और गांव में हाथी-रोधी व्यवस्था मजबूत की जाए।”
ग्रामीणों ने वन विभाग और प्रशासन से हाथियों की आवाजाही पर नियंत्रण, नियमित गश्त तथा स्थायी समाधान की मांग की है।
