पहल: सरकारी स्कूलों में शीतकालीन अवकाश शुरू; स्कूली बच्चों को शिक्षा से जोड़े रखने के लिए चलेगा “ग्राम शिक्षा संगम”,
Seraikela
सरायकेला। जिले के सरकारी विद्यालयों में आगामी 5 जनवरी तक शीतकालीन अवकाश रहेगा। शीतकालीन अवकाश के समय बच्चे विशेष कर ग्रामीण क्षेत्रों में पढ़ने वाले बच्चों को नियमित पढ़ाई अथवा सीखने की प्रक्रिया से जोड़े रखने के लिए शिक्षा विभाग द्वारा “ग्राम शिक्षा संगम” कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। जिसका मुख्य उद्देश्य ग्रामीण इलाकों में शिक्षा का माहौल बनाना और बच्चों को स्कूल बंद रहने के दौरान भी अध्ययन में सक्रिय बनाए रखना है। इस संबंध में झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद के राज्य परियोजना निदेशक द्वारा जिले के जिला शिक्षा पदाधिकारी को आवश्यक दिशा निर्देश जारी किए गए हैं। जिसके आलोक में जिला शिक्षा विभाग द्वारा कवायद की जा रही है।
समुदाय केंद्रित होगा ग्राम शिक्षा संगम:-
जारी दिशा निर्देश में बताया गया है कि ग्राम शिक्षा संगम कार्यक्रम का आयोजन समुदाय केंद्रित तरीके से किया जाएगा। जिसमें छुट्टियां के दौरान सुबह के समय सामुदायिक स्थल या खुले स्थानों पर ग्राम शिक्षा संगम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम शुरू करने से पहले विद्यालय प्रबंधन समिति सदस्य, संकुल साधन सेवी, स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधि एवं पीआरआई प्रतिनिधि द्वारा समुदाय को जागरुक करते हुए बच्चों एवं उनके माता-पिता को सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया जाएगा। शिक्षा के क्षेत्र में कार्य करने वाले गैर सरकारी संस्थान के प्रतिनिधि कार्यक्रम की आयोजन में सहयोग करेंगे। और यह कार्यक्रम सीआरपी, पीआरआई प्रतिनिधि एवं स्वयंसेवी संगठन के सहयोग से विद्यालय प्रबंधन समिति द्वारा आयोजित किया जाएगा। जो शीतकालीन अवकाश के दौरान कम से कम 2 दिन आयोजित किया जा सकेगा। इस दौरान शिक्षण सामग्री, पुस्तकें और टेबल आदि की सफाई एवं व्यवस्था कर एक सुसज्जित शैक्षिक माहौल बनाकर पढ़ने के सत्र, साक्षरता और गणित अभ्यास, लेखन अभ्यास, इंटरएक्टिव गेम्स, विज्ञान प्रयोग एवं अभिभावकों की भागीदारी में पुस्तक पढ़ना जैसे विविध गतिविधियां आयोजित की जाएगी। जिसके तहत गांव में शैक्षिक माहौल बनाना, नाम कार्ड से परिचय, एफएलएन क्या और क्यों, गांव में पढ़ने की संस्कृति, विज्ञान के प्रयोग, गांव में लेबलिंग जैसी गतिविधियों के पश्चात समापन और सुझाव के सत्र आयोजित किए जाएंगे।