खरसावां मॉडल स्कूल के विद्यार्थी समीर बेहरा ने राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीता,
Kharsawan
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में 23 एवं 24 दिसंबर को आयोजित 45 वीं एनटीपीसी जूनियर नेशनल आर्चरी चैंपियनशिप 2025 में मॉडल स्कूल खरसावां के कक्षा 12वीं आर्ट्स के छात्र समीर बेहरा ने राष्ट्रीय स्तर पर कांस्य पदक हासिल कर विद्यालय, क्षेत्र एवं पूरे राज्य का नाम रोशन किया है। शनिवार को विद्यालय की स्वागत कार्यक्रम के दौरान प्रभारी प्रधानाचार्या बासुमति मिश्रा ने समीर की उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि समीर तीरंदाजी के साथ-साथ पढ़ाई में भी अच्छा प्रदर्शन करता है। उसकी इच्छा है कि भविष्य में देश का प्रतिनिधित्व करते हुए ओलंपिक खेलों में स्वर्ण पदक जीतकर भारत का नाम विश्व स्तर पर गौरवान्विता करें। इस लक्ष्य को पाने के लिए वह कक्षा 8वीं से ही नियमित अभ्यास करता आ रहा है।
उल्लेखनीय है कि समीर इससे पहले भी अंडर-14 में एवं अंडर-17 वर्ग में दो बार राष्ट्रीय स्तर की तीरंदाजी प्रतियोगिता में झारखंड राज्य का प्रतिनिधित्व कर चुका है। वर्तमान प्रतियोगिता में सफलता प्राप्त करने के लिए वह निरंतर मेहनत और समर्पण के साथ अभ्यास कर रहा है।

खरसावां के टुनियाबाड़ी निवासी समीर बेहरा तीन भाइयों में मझले है। उसके पिता इंद्रजीत बेहरा एवं माता संजू बेहरा दोनों मजदूरी का कार्य करते हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद समीर की इस सफलता से विद्यालय के शिक्षकगण एवं समस्त विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है। लक्ष्य प्राप्ति की दिशा में विद्यालय की ओर से उसे निरंतर सहयोग भी मिल रहा है। इस अवसर पर प्रभारी प्रधानाचार्या बासुमति मिश्रा, शिक्षिका शशिवाला बागे, शिक्षक जीडी महन्त, सतीश सेन प्रधान, प्रभात कुमार महतो, विकास चन्द्र महतो, बासंती महतो, सुनीता महतो, चंदन कुमार महतो, प्रियतम सिंह, पुष्पा महतो, सुनीता देवी सहित अन्य शिक्षकों एवं कर्मियों ने समीर बेहरा के उज्जवल भविष्य की कामना की।
