सरायकेला मे देश के पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेई की 101वीं जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई,
Seraikela
सरायकेला देश के पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेई की 101वीं जयंती बुधवार को सरायकेला में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा सरायकेला के गेराज चौक स्थित पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। कार्यक्रम में भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष उदय प्रताप सिंहदेव विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने अटल बिहारी वाजपेई के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि अटल जी एक कुशल राजनेता, ओजस्वी वक्ता और संवेदनशील कवि थे। उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन में सदैव राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखा और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत किया। उदय प्रताप सिंहदेव ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेई के नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन और राष्ट्रीय एकता की दिशा में नई ऊंचाइयों को छुआ।
उन्होंने बताया कि अटल जी ने प्रधानमंत्री रहते हुए स्वर्णिम चतुर्भुज योजना, ग्रामीण सड़कों के विकास, पोखरण परमाणु परीक्षण और पड़ोसी देशों के साथ शांति प्रयासों जैसे कई ऐतिहासिक कार्य किए। उनका जीवन सादगी, सहिष्णुता और विचारों की दृढ़ता का प्रतीक था। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि अटल बिहारी वाजपेई के आदर्शों को अपनाकर समाज और राष्ट्र की सेवा करें।
