*आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम अंतर्गत केंद्रीय प्रभारी पदाधिकारी द्वारा विभिन्न संस्थानों का निरीक्षण, दिए गए आवश्यक दिशा-निर्देश,
Seraikela
आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम (ABP) के अंतर्गत नीति आयोग द्वारा सरायकेला–खरसावां जिले के लिए नामित केंद्रीय प्रभारी पदाधिकारी श्री विकाश सिंह, निदेशक, पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय, भारत सरकार, नई दिल्ली द्वारा आज सरायकेला एवं गम्हरिया प्रखंड क्षेत्र का भ्रमण करते हुए विभिन्न पंचायतों एवं संस्थानों का निरीक्षण किया गया। भ्रमण के क्रम में सरायकेला प्रखंड परिसर स्थित मोबाइल पशु चिकित्सा इकाई, पथनमारा पंचायत अंतर्गत धोबाडीह ग्राम स्थित आंगनवाड़ी केंद्र, इटाकुदर पंचायत अंतर्गत बुंडू ग्राम स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर, सरायकेला प्रखंड अंतर्गत तीतीरबिला पंचायत स्थित राजकीय पशु प्रजनन प्रक्षेत्र तथा गम्हरिया प्रखंड अंतर्गत बिरबांश पंचायत भवन एवं उत्क्रमित मध्य विद्यालय, बिरबांश का स्थलीय निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान मोबाइल पशु चिकित्सा इकाई में पशुओं के उपचार एवं टीकाकरण की व्यवस्था, आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों की शिक्षा एवं पोषण स्थिति, आयुष्मान आरोग्य मंदिर में स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता एवं गुणवत्ता, राजकीय पशु प्रजनन प्रक्षेत्र में पशुपालन सेवाओं की कार्यशीलता तथा पंचायत भवन एवं शैक्षणिक संस्थान में आधारभूत संरचना, स्वच्छता, उपस्थिति एवं शैक्षणिक गतिविधियों के संचालन की स्थिति का अवलोकन किया गया।

निरीक्षण के क्रम में केंद्रीय प्रभारी पदाधिकारी द्वारा संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि पशुपालन, स्वास्थ्य, पोषण एवं शिक्षा से संबंधित सेवाओं का लाभ पात्र लाभुकों तक समयबद्ध एवं प्रभावी रूप से सुनिश्चित किया जाए। आंगनवाड़ी केंद्रों एवं स्वास्थ्य संस्थानों में स्वच्छता, नियमित उपस्थिति एवं सेवा गुणवत्ता बनाए रखने, मोबाइल पशु चिकित्सा इकाइयों के माध्यम से उपचार एवं टीकाकरण सेवाओं का सुदृढ़ीकरण करने तथा शैक्षणिक संस्थानों में शैक्षणिक गतिविधियों के सुचारू संचालन हेतु आवश्यक सभी व्यवस्थाएँ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही आकांक्षी जिला कार्यक्रम अंतर्गत गतिविधियों की नियमित निगरानी एवं आवश्यकतानुसार सुधारात्मक कार्रवाई करने पर विशेष बल दिया गया।
निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त सुश्री रीना हांसदा, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्री अविनाश कुमार, रोहित कुमार उद्योग विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों के जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।
