सरायकेला के कुमार विजय प्रताप सिंहदेव मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय में समारोहपूर्वक अभिभावक-शिक्षक बैठक का हुआ आयोजन,
Seraikela
सरायकेला। कुमार विजय प्रताप सिंहदेव मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय सरायकेला में अभिभावक-शिक्षक बैठक आयोजन किया गया। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में सरायकेला विधायक चंपाई सोरेन के विधायक प्रतिनिधि सानंद आचार्य उपस्थित रहे। अन्य उपस्थित अतिथियों में विद्यालय प्रबंधंन समिति के अध्यक्ष राजेश्वर प्रसाद एवं उपाध्यक्ष श्रीमती संतोषी साहू उपस्थिति रही। कार्यक्रम का उद्घाटन दीप प्रज्जवलित कर किया गया। इस अवसर पर विद्यालय की छात्राओं के द्वारा स्वागत गीत एवं स्वागत नृत्य प्रस्तुत किए गए। विद्यालय प्रधान नारायण कुमार के द्वारा उपस्थित अभिभावकों एवं अतिथियों का स्वागत किया गया।

अपने स्वागत भाषण में नारायण कुमार ने अभिभावक शिक्षक बैठक की भूमिका पर अपने विचार रखें और बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षक और अभिभावक दोनों की सहभागिता पर बल दिया। अभिभावक शिक्षक बैठक की सार्थकता एवं इसके औचित्य पर विद्यालय के वरीय शिक्षक प्रवीण कुमार रथ ने अपने विचार रखे। विधायक प्रतिनिधि सानंद आचार्य के द्वारा अभिभावकों से विस्तार पूर्वक चर्चा की गई और उन्होंने अभिभावकों के दायित्वों पर विशेष बल दिया और कहा कि एक विद्यार्थी अपने दिन का बड़ा हिस्सा अपने अभिभावकों के साथ बिताते हैं, इसलिए अभिभावकों का यह दायित्व है कि वह अपने बच्चों के समय नियोजन का ध्यान रखें और देखें कि बच्चे घर में अपनी पढ़ाई पर कितना ध्यान दे रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि अभिभावक शिक्षक बैठक में सभी अभिभावकों की उपस्थिति अनिवार्य होनी चाहिए क्योंकि ऐसा देखा गया कि अभिभावकों की संख्या अनुमान से काफी कम थी। उन्होंने इस पर अपनी चिंता जाहिर की। विद्यालय के विज्ञान शिक्षक मनोज कुमार के द्वारा बच्चों के रिजल्ट में सुधार को लेकर विद्यालय के द्वारा किए जा रहे हैं प्रयासों को अभिभावकों के सम्मुख रखा गया और कहा कि विद्यालय का रिजल्ट दोनों के सामूहिक प्रयास का परिणाम होता है। अतः शिक्षकों के साथ-साथ अभिभावकों को भी अपने बच्चों के पढ़ाई व विद्यालय में नियमित उपस्थिति का ध्यान रखना होगा। यदि बच्चे विद्यालय नहीं आएंगे तो हम चाह करके भी उनका रिजल्ट बेहतर नहीं कर पाएंगे। विद्यालय के प्रबंधकारिणी समिति के अध्यक्ष राजेश्वर प्रसाद एवं कालीचरण के द्वारा भी अभिभावकों से सक्रिय रहने का अनुरोध किया गया और उन्होंने सभी से कहा कि शिक्षकों का प्रयास तब तक अधूरा रहेगा जब तक सारे अभिभावक अपने दायित्वों का निर्वहन नहीं करेंगे। धन्यवाद ज्ञापन शिवपद महतो के द्वारा किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक कामदेव महतो, गणेश चंद्र बानरा, शुभाशीष कुमार, विजय कुमार महतो, सुश्री सुजाता बेसरा, कुमारी जय श्री, श्रीमती सुप्रभा सारंगी, प्रदीप कुमार प्रमाणिक, स्वगतिका पटनायक, कुंवर हेम्ब्रम सहित अन्य शिक्षक शिक्षिका एवं शिक्षकेत्तर कर्मी उपस्थित रहे।
