कुचाई के उत्क्रमित मध्य विद्यालय सेरेंगदा में हुई तिथि भोजन कार्यक्रम, बच्चों को कुपोषण से बचाना और उन्हें नियमित रूप से विद्यालय आने के लिए प्रेरित करना उद्देश्य-बीईईओ
खरसावां
कुचाई प्रखंड के अंतर्गत सुदूरवती क्षेत्र स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय सेरेंगदा में विद्यालय में बच्चों के पोषण और उपस्थिति बढ़ाने के उद्देश्य से तिथि मध्याह्न भोजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के तहत विद्यालय में नामांकित सभी बच्चों को निर्धारित मेनू के अनुसार स्वच्छ एवं पौष्टिक भोजन परोसा गया।

तिथि भोजन कार्यक्रम मुख्य रूप से उपस्थित कुचाई प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी संजय कुमार जोशी ने कहा कि मध्याह्न भोजन योजना का मुख्य उद्देश्य बच्चों को कुपोषण से बचाना और उन्हें नियमित रूप से विद्यालय आने के लिए प्रेरित करना है। भोजन से पहले रसोईघर एवं भोजन कक्ष की साफ-सफाई सुनिश्चित की गई, वहीं शिक्षकों की निगरानी में बच्चों को भोजन कराया गया। कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों ने बच्चों को स्वच्छता, संतुलित आहार और नियमित पढ़ाई के महत्व के बारे में भी जानकारी दी। बच्चों में भोजन को लेकर खासा उत्साह देखा गया। स्थानीय अभिभावकों ने भी विद्यालय प्रशासन की पहल की सराहना की और कहा कि इस तरह के कार्यक्रम से बच्चों की सेहत के साथ-साथ उनकी पढ़ाई में भी सकारात्मक असर पड़ता है। विद्यालय प्रभारी शशि कांत साहू ने बताया कि आगे भी सरकार की इस योजना को पारदर्शी और नियमित रूप से संचालित किया जाएगा, ताकि सभी बच्चे इसका लाभ उठा सकें। इस दौरान मुख्य रूप से कुचाई प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी संजय कुमार जोशी, प्रखंड मध्यान भोजन कोषंग के संजय कुमार, प्रखंड लेखपाल कृष्णा मोहन महतो, प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी नाथो महतो, विद्यालय के प्रधानाध्यापक शशि कांत साहू, सहायक अध्यापक श्रीकांत महतो, रविन्द्र सरदार एवं विद्यालय में नामांकित छात्र-छात्रा का अभिभावक मुख्य रूप में उपस्थित थे।
