समावेशी शिक्षा के अंतर्गत दिव्यांग बच्चों का चांडिल डेम में एक्सपोजर विजिट, भ्रमण से दिव्यांग बच्चों में आत्मविश्वास, सामाजिक सहभागिता एवं सीखने की रुचि में वृद्धि : मनोज
Seraikela
सरायकेला : समावेशी शिक्षा के अंतर्गत झारखंड शिक्षा परियोजना, सरायकेला-खरसावां के सौजन्य से सरकारी विद्यालयों में अध्ययनरत जिले के 90 दिव्यांग बच्चों का शैक्षणिक एवं अनुभवात्मक विकास हेतु चांडिल डेम एवं आसपास के क्षेत्रों का एक्सपोजर विजिट आयोजित किया गया।

इस भ्रमण का उद्देश्य दिव्यांग बच्चों को कक्षा की पढ़ाई के साथ-साथ प्राकृतिक, भौगोलिक एवं सामाजिक परिवेश से जोड़ना तथा उनके आत्मविश्वास, सामाजिक सहभागिता एवं सीखने की क्षमता को बढ़ावा देना था। बच्चों ने चांडिल डेम की संरचना, जल प्रबंधन, प्राकृतिक सौंदर्य एवं आसपास के पर्यटन स्थलों के बारे में जानकारी प्राप्त की।
एक्सपोजर विजिट के दौरान रिसोर्स शिक्षक एवं फिजियोथैरेपिस्ट द्वारा बच्चों का मार्गदर्शन किया तथा उनकी सुरक्षा एवं सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया। बच्चों में भ्रमण को लेकर उत्साह देखा गया और उन्होंने इस अनुभव को आनंददायक एवं ज्ञानवर्धक बताया।
समावेशी शिक्षा के जिला प्रभारी श्री मनोज कुमार ने बताया कि समावेशी शिक्षा के तहत दिव्यांग बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण एवं गतिविधियाँ आगे भी निरंतर आयोजित की जाती रहेंगी।
