सरायकेला के उत्क्रमित मध्य विद्यालय गोपीनाथपुर में हुई भोजन कार्यक्रम
Seraikella
राज्य एवं जिला कार्यालय के निर्देशानुसार सरायकेला प्रखंड अंतर्गत उत्क्रमित मध्य विद्यालय गोपीनाथपुर में बुधवार को तिथि भोजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य विद्यालयों में मध्याह्न भोजन योजना के माध्यम से बच्चों को पौष्टिक आहार उपलब्ध कराने के साथ-साथ समुदाय की सहभागिता को बढ़ावा देना रहा।

आयोजन के दौरान विद्यालय परिसर में उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला और बच्चों में विशेष आनंद का भाव दिखाई दिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी, सरायकेला दिनेश कुमार दंडपात उपस्थित थे। उनके साथ सरायकेला प्रखंड के उप प्रमुख वासुदेव महतो, प्रखंड मध्याह्न भोजन कोषांग के प्रतिनिधि राजाराम महतो, मुंडाटांड़ पंचायत के मुखिया दशरथ महाली, संकुल साधनसेवी गणेश कुमार महतो व विद्यालय के प्रधानाध्यापक शैलेश उरांव विशेष रूप से मौजूद थे। इसके अतिरिक्त शिक्षक प्रभात कुमार ठाकुर सहित विद्यालय में नामांकित छात्र-छात्राओं के अभिभावक भी कार्यक्रम में शामिल हुए। सभी बच्चों को निर्धारित मेन्यू के अनुसार पुड़ी, सब्जी, अचार व सलाद परोसा गया। बच्चों ने पंक्तिबद्ध होकर अनुशासन के साथ भोजन ग्रहण किया। अतिथियों ने बच्चों के साथ बैठकर भोजन व्यवस्था का निरीक्षण किया और भोजन की गुणवत्ता व स्वच्छता पर संतोष व्यक्त किया।
