मानवाधिकार दिवस पर काशी साहू कॉलेज, सरायकेला में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन,
Seraikella
सरायकेला, 10 दिसंबर 2025 को मानवाधिकार दिवस के अवसर पर बुधवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA), सरायकेला के निर्देशन में मानवाधिकार एवं संवैधानिक मूल्यों पर आधारित विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन काशी साहू कॉलेज, सरायकेला में किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए तौसीफ मेराज, सचिव, डीएलएसए सरायकेला ने भारत के संविधान में निहित मौलिक अधिकारों के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने विशेष रूप से अनुच्छेद 21 की अहमियत समझाते हुए बताया कि समय के साथ इसके दायरे को सुप्रीम कोर्ट द्वारा व्यापक रूप से विस्तारित किया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि सर्वोच्च न्यायालय ने कॉमन कॉज़ बनाम यूनियन ऑफ़ इंडिया मामले में यह टिप्पणी की है कि ‘जीवन के अधिकार’ में गरिमा के साथ मृत्यु का अधिकार भी शामिल है।
शिविर में कॉलेज की उप-प्राचार्या सुप्रभा टुटी, संकाय सदस्य प्रकाश कुमार सहित अन्य शिक्षकगण उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त कानून की प्रशिक्षु मेधा वत्स, पीएलवी सुषमा उरांव, तथा प्रदीप दास ने भी कार्यक्रम में सहभागिता दर्ज की।
शिविर में सैकड़ों छात्रों ने भाग लिया, जिससे यह सत्र अत्यंत रोचक, संवादात्मक और सार्थक रहा। छात्रों ने मानवाधिकार, संवैधानिक सुरक्षा तथा विधिक उपायों से संबंधित कई महत्वपूर्ण प्रश्न पूछे।
इस जागरूकता शिविर का उद्देश्य युवाओं में मानवाधिकारों के प्रति समझ विकसित करना और उन्हें जागरूक एवं उत्तरदायी नागरिक बनने हेतु प्रेरित करना था।
