सरायकेला के सरस्वती शिशु मंदिर उच्च विद्यालय मे हुई सप्तशक्ति संगम 2025 का आयोजन,
Seraikella
भारतीय नारी शक्ति की अखंड परंपरा, उनकी प्रेरणा और लोक कल्याणकारी भूमिका का उत्सव मनाने के लिए आज दिनांक 6 दिसंबर 2025 शनिवार को सरस्वती शिशु मंदिर उच्च विद्यालय सरायकेला के शांतिकुंज में सप्तशक्ति संगम कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उक्त कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड के महान समाजसेवी, डायन प्रथा उन्मूलन और महिलाओं के पुनर्वास हेतु निरंतर कार्यरत पदमश्री से सम्मानित सम्माननीय छूटनी महतो जी साथ ही मुख्य वक्ता के रूप में जमशेदपुर की वार्ड पार्षद, समाज सेवी सह सरस्वती शिशु मंदिर बागबेड़ा के सचिव महोदया कविता परमार जी की गरिमामयी उपस्थिति रही। सर्वप्रथम मंचासिन अधिकारियों के द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। अतिथि परिचय के उपरांत कार्यक्रम का प्रस्तावना प्रस्तुत किया गया। मुख्य वक्ता कविता परमार जी ने कुटुंब प्रबोधन की भारतीय दृष्टि विषय पर अपना विचार प्रस्तुत करते हुए कहा कि सुखी और स्वस्थ परिवार एक शांतिपूर्ण और समृद्ध समाज की कुंजी है। कुटुंब प्रबोधन गतिविधि परिवारों को सांस्कृतिक, पारंपरिक और सामाजिक मूल्यों से जोड़ने का एक प्रयास है। यह गतिविधि परिवारों को एक साथ बैठकर चर्चा करने के लिए प्रोत्साहित करती है। इसके माध्यम से हम समाज को शांति की ओर आगे बढ़ाने का काम कर सकते हैं। मुख्य वक्ता शालिनी दीदी जी के द्वारा महिलाओं की भूमिका पर विस्तृत जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि भारत के विकास में महिलाओं की भूमिका बहुआयामी है जो आर्थिक, सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक क्षेत्र में फैली हुई है। वे शिक्षा, स्वास्थ्य, प्रौद्योगिकी, कृषि और शासन के साथ कई क्षेत्रों में नेतृत्व कर रही हैं जिससे एक मजबूत विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने में मदद मिल रही है। इस अवसर पर विशिष्ट माताओं को भी सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि छूटनी महतो जी ने अपने वक्तव्य में कहा की जीवन में संघर्ष का बहुत बड़ा महत्व है। जो तकलीफों से डर कर संघर्ष करना छोड़ देता है, वह पीछे रह जाता है। मैंने अपने जीवन में संघर्ष करके अब तक पदमश्री प्राप्त करने तक का सफर तय किया है। अगर हम अपना साथ छोड़ दें तो ईश्वर भी हमारा साथ छोड़ देंगे। स्वयं पर भरोसा रखकर कर्त्तव्य पथ पर आगे बढ़ते चलें। मार्ग अपने आप प्रशस्त होता जाएगा। अंत में आशा दीदी जी के द्वारा आभार ज्ञापन किया गया। इस अवसर पर विद्या विकास समिति के प्रदेश सचिव नकुल कुमार शर्मा जी, जमशेदपुर विभाग के विभाग प्रमुख तुलसी प्रसाद ठाकुर जी, जमशेदपुर विभाग के सह विभाग प्रमुख बिरेन टुडू जी, बागबेड़ा शिशु मंदिर के प्रधानाचार्य रंजय जी, सिनि के प्रधानाचार्य रंजीत जी, महाली मुरूप, बुरूडीह और बड़ाबंबो के प्रधानाचार्य ,शिशु मंदिर प्रकाशन से श्री अशोक शाह के साथ बहुत सारी माताएं और दीदी जी उपस्थित थे।
