सरायकेला के मुरुप मौजा में खेल मैदान व चरागाह के भूमि का बंदोबस्ती अविलंब रद्द करने की मांग
Seraikella
सरायकेला: जिले के उपायुक्त नितिश कुमार सिंह मंगलवार को जनता मिलन कार्यक्रम के तहत अपने कार्यालय कक्ष में लोगो से मिलें. इस दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों से क्रमवार मिलते हुए डीसी ने उनकी शिकायत व समस्याओं से अवगत होकर संबंधित विभागीय पदाधिकारी को समाधान करने के निर्देश दिए.
आज मुख्य रूप से भूमि विवाद से संबंधित मामले, गम्हरिया प्रखंड के जगन्नाथपुर पंचायत में नाली एवं सड़क निर्माण, झार सेवा आईडी उपलब्ध कराने, सरायकेला के मुरूप खेल मैदान का बंदोबस्ती रद्द करने,अनुकम्पा आधारित मामले व राशन कार्ड में नाम जोड़ने सहित विभिन्न मामलों से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए. सरायकेला के जगन्नाथपुर मौजा के ग्रामीणों ने जिला परिषद सदस्य लक्ष्मी देवी के नेतृत्व में डीसी को अवगत कराते हुए कहा कि मुरुप मौजा के खेल मैदान को तत्कालीन मुखिया द्वारा अपने पुत्र के नाम गलत ढंग से सरकारी नियमो को दरकिनार कर बंदोबस्ती कर दिया गया है जबकि उक्त रैयत के नाम पूर्व से कई एकड़ पुस्तैनी जमीन है. ग्रामीणों ने डीसी से आग्रह किया कि उक्त खेल मैदान व चारागाह पर जगन्नाथपुर के ग्रामीणों का सार्वजनिक दखल है इसलिए उक्त बंदोबस्ती को जनहित में अविलंब रद्द किया जाए. डीसी ने सभी आवेदनों से संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक प्रकरण का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित, पारदर्शी और निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित किया जाए. इस दौरान डीसी ने कहा पदाधिकारी अनुमंडल एवं प्रखंड स्तर पर जनता दरबार आयोजित कर आमजनों की समस्याओं का निराकरण समय पर सुनिश्चित करें ताकि लोगों को जिला मुख्यालय या अन्य कार्यालय का चक्कर न लगाना पड़े.
