Hon’ble JHALSA के निर्देशन में चलंत लोक अदालत की मोबाइल वैन को हरी झंडी, जिला न्यायालय परिसर से हुई शुरुआत
Seraikella
Hon’ble झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (JHALSA), रांची के निर्देशन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सराइकेला-खरसावाँ द्वारा संचालित चलंत लोक अदालत हेतु विशेष रूप से तैयार मोबाइल वैन को सिविल कोर्ट सराइकेला के प्रांगण से प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश–cum–चेयरमैन, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री रामाशंकर सिंह द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

इस अवसर पर प्रिंसिपल जज, फैमिली कोर्ट श्री बीरेश कुमार, एडीजे-1 श्री चौधरी एहसान मोइज़, एडीजे-2 श्री बी.के. पांडे, एडीजे-3 श्री दीपक मलिक, सीजेएम सुश्री लूसी सोसेन तिग्गा, सचिव, डीएलएसए श्री तौसीफ मेराज तथा एसडीजेएम श्री आशिष अग्रवाल उपस्थित थे।

Hon’ble JHALSA के निर्देशानुसार शुरू की गई यह मोबाइल वैन एक माह तक पूरे जिले के विभिन्न प्रखंडों का भ्रमण करेगी। इस अभियान की शुरुआत सराइकेला प्रखंड से की गई। इस चलंत लोक अदालत का मुख्य उद्देश्य लोगों की विधिक समस्याओं को उनके द्वार पर ही सुनना तथा निःशुल्क एवं सक्षम विधिक सहायता प्रदान करना है, ताकि न्याय सबके लिए सुलभ हो सके।

चलंत लोक अदालत अभियान के लिए पैनल अधिवक्ता सुश्री सुखमति हेस्स एवं पीएलवी सुश्री तरमणी बांदिया को मोबाइल वैन के माध्यम से क्षेत्रवासियों की शिकायतें दर्ज करने व विधिक परामर्श उपलब्ध कराने हेतु नियुक्त किया गया है।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण का मानना है कि यह पहल न्याय की पहुँच को गाँव-गाँव और आमजन तक विस्तार देने की दिशा में एक अत्यंत प्रभावी कदम साबित होगी।
