खूंटपानी उद्यान महाविद्यालय में खेलकूद प्रतियोगिता का
शुभारंभ, 92 प्रतिभागियों ने प्रतिस्पर्धा में लिया हिस्सा, खेल ही चरित्र
निर्माण और उत्कृष्टता का सबसे मजबूत आधार है-डॉ. अग्रवाल,
khutpani
खूंटपानी के उद्यान महाविद्यालय में दो दिवसीय वार्षिक खेलकूद समारोह-2025-26 का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रांची के बिरसा कृषि विश्वविद्यालय के निदेशक छात्र कल्याण (डीएसडब्लू) डॉ. बी. के. अग्रवाल ने कहा कि “खेल ही चरित्र निर्माण और उत्कृष्टता का सबसे मजबूत आधार है।”

उन्होंने आगे कहा कि यह महाविद्यालय राज्य का एकमात्र उद्यान विज्ञान की शैक्षणिक संस्था है और विश्वविद्यालय इसे उत्कृष्टता केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने छात्रों एवं वैज्ञानिकों के प्रदर्शन पर गहरी संतुष्टि व्यक्त की। हालांकि, उन्होंने कॉलेज से जुड़ने वाली सड़क की खराब स्थिति पर गंभीर चिंता जताई और इसके त्वरित सुधार की आवश्यकता पर बल दिया। जबकि महाविद्यालय के सह-अधिष्ठाता डॉ. अरुण कुमार सिंह ने कहा कि खेल छात्रों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने निदेशक छात्र कल्याण एवं विश्वविद्यालय द्वारा संस्था को लगातार प्रदान किए जा रहे सहयोग एवं मार्गदर्शन के लिए विशेष धन्यवाद दिया। उन्होने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन के योगदान से कॉलेज की शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियाँ निरंतर उन्नति कर रही हैं। इसके बाद कार्यक्रम का प्रारंभ पारंपरिक झारखंडी संस्कृति के अनुरूप छात्रों द्वारा अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ।

तत्पश्चात दीप प्रज्वलन, मार्च-पास्ट और खेल भावना का प्रतीक मशाल प्रज्वलन किया गया। जिसके बाद विभिन्न खेल प्रतिस्पर्धाएँ आरंभ हुईं। इस वर्ष के वार्षिक खेल उत्सव में 92 प्रतिभागियों ने क्रिकेट, वॉलीबॉल, भाला फेंक, डिस्कस थ्रो, 100 मीटर एवं 200 मीटर दौड़ सहित कई स्पर्धाओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया। लड़कों एवं लड़कियों दोनों वर्गों के लिए अलग-अलग मुकाबले आयोजित किए गए। महाविद्यालय अपनी खेल संरचना को सुदृढ़ बनाने की दिशा में भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। वर्तमान में बास्केटबॉल कोर्ट, बैडमिंटन कोर्ट और मुख्य खेल मैदान का निर्माण कार्य प्रगति पर है, जिससे आने वाले वर्षों में छात्रों को अधिक उन्नत खेल सुविधाएँ उपलब्ध होंगी। इस सम्पूर्ण आयोजन का संचालन कॉलेज के खेल प्रभारी डॉ. अर्केंदु घोष की देखरेख में प्रभावी एवं अनुशासित तरीके से किया गया। विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं की घोषणा कल कार्यक्रम के समापन सत्र में की जाएगी। जिसके बाद पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया जाएगा।
