सरायकेला के कोलाबिरा मे श्री बजरंगबली मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा एवं देव सभा महोत्सव का हुआ शुभारंभ, 1101 महिलाओं ने पारंपरिक परिधानों में साथ निकाली कलश यात्रा,
Seraikella
सरायकेला के कोलाबिरा बस्ती में सोमवार को श्री बजरंगबली मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा एवं देव सभा महोत्सव का शुभारंभ भव्य कलशयात्रा के साथ हुआ। सुबह करीब 8:30 बजे कोलेबिरा तालाब से 1101 महिलाओं ने पारंपरिक परिधानों में कलश यात्रा निकाली। जय श्रीराम के जयघोष से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। यात्रा का नेतृत्व शिवसेना बजरंग अखाड़ा के अध्यक्ष सह जिप सदस्य शंभु मंडल ने किया। आयोजन समिति के प्रमुख मंडल ने बताया कि महोत्सव को सफल बनाने की तैयारी पूरी हो चुकी है और यह कार्यक्रम आस्था व सामुदायिक सद्भाव का प्रतीक बनेगा। कार्यक्रम में पुरी धाम के कथावाचक अनंत गोपाल दास शर्मा, निरंजन मिश्रा, देवेंद्र मिश्रा, हिमांशु रथ और हरिप्रकाश पाणिग्राही सहित कई विद्वान उपस्थित हुए। साथ ही राम बाबा आश्रम के प्रमुख बाबा मृत्युंजय चैतन्य महाराज और नीलकमल तिवारी ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।

चार नवंबर को गुड्डू यादव द्वारा सुंदरकांड पाठ तथा पांच नवंबर को जमशेदपुर की सरोज वर्मा भजन मंडली की भक्ति संध्या होगी। छह से 12 नवंबर तक श्रीमद्भागवत कथा का वाचन आचार्य बनवारी लाल शास्त्री और अनंत गोपाल दास करेंगे। समापन दिवस पर भव्य भक्ति संध्या व प्रसाद वितरण होगा। कोलाबिरा बस्ती में सुरक्षा व्यवस्था हेतु अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।
