*चक्रवाती तूफान ‘मोंथा’ को लेकर जिलेवासियों को विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता — उपायुक्त, आगामी दिनों में यह चक्रवात गंभीर रूप ले सकता है, अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें — उपायुक्त,
Seraikella
जिला प्रशासन, सरायकेला-खरसावाँ द्वारा चक्रवाती तूफान ‘मोंथा’ के बंगाल की खाड़ी में उत्पन्न होने एवं इसके संभावित प्रभाव को देखते हुए जिले के सभी नागरिकों से विशेष सतर्कता एवं एहतियात बरतने की अपील की गई है।
मौसम विभाग द्वारा प्राप्त पूर्वानुमान के अनुसार, आगामी दिनों में यह चक्रवात एक गंभीर चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है। चेतावनी के अनुसार 28 से 31 अक्टूबर, 2025 के बीच जिले में तेज हवाओं (60-110 किमी/घंटा) के साथ भारी वर्षा की संभावना व्यक्त की गई है।
उपायुक्त, सरायकेला-खरसावाँ श्री नितिश कुमार सिंह ने जिलेवासियों से अपील की है कि खराब मौसम की स्थिति में अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें तथा केवल अत्यावश्यक परिस्थिति में ही बाहर निकलें। अत्यधिक वर्षा के कारण नदी-नालों, झीलों, तालाबों, जलाशयों एवं डोभाओं का जलस्तर बढ़ सकता है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो सकता है। साथ ही, कच्चे मकानों के क्षतिग्रस्त होने, सड़क जाम, वज्रपात एवं फसलों को नुकसान की आशंका बनी हुई है।
ऐसी परिस्थिति में जिला प्रशासन ने कहा है कि किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने हेतु प्रशासन पूरी तरह सतर्क एवं तैयार है। राज्य सरकार एवं जिला प्रशासन द्वारा स्थिति पर निरंतर निगरानी रखी जा रही है तथा सभी संबंधित पदाधिकारियों को सतर्क रहकर हर स्तर पर तैयारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है, ताकि किसी भी प्रकार की जनहानि या क्षति को न्यूनतम किया जा सके।
