जिले के ब्लॉक रिसोर्स सेंटर (BRC) तथा TRCSC चांडिल में हाई स्कूल शिक्षकों के लिए आईसीटी आधारित शिक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रम,
Seraikella
इंडिया लिटरेसी प्रोजेक्ट (ILP–Dell) संस्था द्वारा 23 सितम्बर से 11 अक्टूबर तक सेराइकेला-खरसावां जिले के ब्लॉक रिसोर्स सेंटर (BRC) तथा TRCSC चांडिल में हाई स्कूल शिक्षकों के लिए आईसीटी आधारित शिक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।

इस कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षकों की डिजिटल शिक्षण क्षमता को सशक्त और संवर्धित करना है। प्रशिक्षण में उन्हें विषय-आधारित डिजिटल टूल्स, कंप्यूटर साक्षरता के मूल सिद्धांत और 21वीं सदी की शिक्षण दक्षताओं से परिचित कराया जा रहा है। साथ ही, कंप्यूटर के बेसिक फंडामेंटल और आईसीटी टूल्स पर विषयवार सैद्धांतिक (थियोरेटिकल) और व्यावहारिक (प्रैक्टिकल) ज्ञान प्रदान किया गया।

प्रशिक्षण के दौरान शिक्षक यह सीख रहे हैं कि कैसे वे डिजिटल कक्षाओं के माध्यम से विद्यार्थियों को अधिक सक्रिय रूप से जोड़ सकते हैं और गणित, विज्ञान, सामाजिक विज्ञान, अंग्रेजी एवं बोले जाने वाली अंग्रेजी (Spoken English) विषयों में आईसीटी का प्रभावी उपयोग कर सकते हैं। कार्यक्रम में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और एआई-सक्षम टूल्स के साथ व्यावहारिक अभ्यास भी शामिल किया गया है, जिससे शिक्षण प्रक्रिया को अधिक रोचक और परिणामोन्मुख बनाया जा सके।

इसके अतिरिक्त, शिक्षकों को कैरियर मार्गदर्शन सत्रों के माध्यम से विद्यार्थियों को भविष्य की संभावनाओं के लिए मार्गदर्शन देने हेतु तैयार किया जा रहा है। अब तक सरायकेला जिले के 260 से अधिक तथा पूर्वी सिंहभूम जिले के 250 से अधिक शिक्षकों को प्रशिक्षित किया जा चुका है, जबकि आने वाले दिनों में सरायकेला-खरसावां जिले के 300 से अधिक शिक्षकों के प्रशिक्षण का कार्यक्रम निर्धारित है। यह पहल शिक्षा को आधुनिक डिजिटल पद्धतियों के माध्यम से सशक्त बनाने के प्रति ILP की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
प्रोजेक्ट मैनेजर अभिषेक कुमार ने बताया कि जिला शिक्षा विभाग के निरंतर सहयोग से यह प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने डीईओ सर, बीईओ सर तथा डीडीपीओ मैडम तथा जीना मैडम का धन्यवाद व्यक्त किया। साथ ही, जिला कोऑर्डिनेटर आकाश नंदी, दीपक कुमार सिंह, तथा मास्टर ट्रेनर श्रेया शुक्ला और निरूपा सिंह के सहयोग की भी सराहना की।
