सरायकेला मे प्रखंड स्तरीय दो दिवसीय खेलो झारखंड प्रतियोगिता संपन्न,
Seraikella
सरायकेला। सरायकेला स्थित बिरसा मुंडा स्टेडियम में आयोजित की जा रही सरायकेला प्रखंड स्तरीय दो दिवसीय खेलो झारखंड प्रतियोगिता का समापन किया गया। सरायकेला प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी दिनेश कुमार दंडपात की अध्यक्षता में आयोजित उक्त दो दिवसीय खेलो झारखंड प्रतियोगिता के समापन पर जिला खेल पदाधिकारी अमित कुमार बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहे।

मौके पर उन्होंने खिलाड़ियों की हौसला अफजाई करते हुए विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। इस अवसर पर खेल शिक्षकों की देखरेख में खेले गए दूसरे दिन के खेल प्रतियोगिताओं में अंडर-19 बॉयज वॉलीबॉल प्रतियोगिता में एनआर सीएम स्कूल ऑफ़ एक्सीलेंस सरायकेला विजेता एवं उत्क्रमित उच्च विद्यालय पठानमारा उपविजेता रहा। अंडर-17 में एनआर सीएम स्कूल ऑफ़ एक्सीलेंस सरायकेला विजेता एवं मॉडल स्कूल सरायकेला उपविजेता रहा। इसी प्रकार बॉयज एंड गर्ल्स के विभिन्न आयु वर्ग ग्रुप में रस्सा-कस्सी, खो-खो, फुटबॉल, कबड्डी और दौड़ प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता के दौरान जिला एथलेटिक्स संघ के सचिव सिकंदर महतो मौजूद रहे। प्रतियोगिता कार्यक्रम का संचालन प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी सरायकेला सांतोना जेना सहित प्रतिनियुक्ति शिक्षकों द्वारा किया गया। कार्यक्रम में प्रखंड साधन सेवी गौतम कुमार, शिक्षक कामिनी कांत मेहता, विमल डोगरा, हरे कृष्णा महतो सहित अन्य सफल संचालन में भूमिका निभाए।
