खरसावां-कुचाई मुख्यालयों में सूर्या हांसदा के
फर्जी एनकाउंटर और आदिवासी जमीन पर रिम्स-2
निर्माण के खिलाफ भाजपा का आक्रोश प्रदर्शन,
kharsawan
सरायकेला-खरसावां जिले के खरसावां-कुचाई प्रखंड मुख्यालयों परिसर में भारतीय जनता पार्टी ने आक्रोश प्रदर्शन किया। भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के इशारे पर आदिवासी नेता सूर्या हांसदा का फर्जी एनकाउंटर किया गया है। साथ ही आदिवासियों की जमीन को छीनकर रिम्स-2 बनाने की साजिश के खिलाफ भी जमकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान जिला परिषद अध्यक्ष सह भाजपा नेता सोनाराम बोदरा ने कहा कि सूर्या हांसदा गरीबों के मसीहा थे, जो शिक्षा और आदिवासी अधिकारों के लिए लगातार संघर्ष करते थे।

लेकिन गिट्टी माफियाओं के दबाव में उनकी हत्या कर दी गई। अदालत से बरी होने के बावजूद उन्हें फर्जी मुठभेड़ में मारा गया। राज्य सरकार पर भ्रष्टाचार में लिप्त होने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि राज्य में बालू, गिट्टी और कोयले की अवैध लूट चल रही है, लेकिन सरकार इसे रोकने के बजाय छोटे व्यापारियों को जेल में डाल रही है, जबकि बड़े व्यापारियों को खुली छूट दी गई है। जबकि भाजपा जिलाध्यक्ष उदय सिंहदेव ने चेतावनी दी कि भाजपा कार्यकर्ता सड़क से सदन तक आंदोलन करेंगे और सूर्या हांसदा की मौत की सीबीआई जांच कराकर रहेंगे। उन्होंने इसे कोल्ड ब्लडेड मर्डर बताया और सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि इस घटना को सरकार की कानून-व्यवस्था पर एक बड़ा सवाल बताया। इस विरोध प्रदर्शन में सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और झारखंड में व्याप्त भ्रष्टाचार को समाप्त करने की मांग की। भाजपा ने यह स्पष्ट किया कि उनका यह विरोध प्रदर्शन भ्रष्टाचार और जनविरोधी नीतियों के खिलाफ है और यह तब तक जारी रहेगा जब तक कि सरकार इन मुद्दों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं करती। इस दौरान मुख्य रूप से जिप अध्यक्ष सोनाराम बोदरा, जिलाध्यक्ष उदय सिंहदेव, विजय महतो, रमानाथ महतो, लाल सिंह सोय, सुशील महतो, समीर नायक, नयन नायक, सुदीप घोडाई, दुयोधन प्रमाणिक, होपना सोरेन, राउतु हाईबुरू, प्रशांत कुमार महतो, हिरामणी उराव, विष्कठ प्रधान, क्षेत्रमोहन माहली, प्रदीप सिंहदेव, जिग्गी हेम्ब्रम, कृष्णा सोय, राहुल दास, सत्येन्द्र कुम्हार, घनश्याम मुंडा, आशु मुंडा, गनेश्वर मुंडा, धमेन्द्र साडिल, नागेन्द्र तांती, दास सोय, केपी सेठ सोय, लुदरी मुंडा आदि उपस्थित थे।
