वार्षिणी प्लस टू विद्यालय में बनेंगे आठ अतिरिक्त कमरे, 1.08 करोड़ रुपये होंगे खर्च
विधायक दशरथ गागराई ने भूमि पूजन कर किया शिलान्यास, विद्यार्थियों को मिलेगा बेहतर शैक्षणिक वातावरण
Sini
खरसावां विधानसभा क्षेत्र में शैक्षणिक आधारभूत सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। सरायकेला प्रखंड के वार्षिणी प्लस टू उच्च विद्यालय, सीनी में आठ अतिरिक्त वर्ग कक्षों का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए सोमवार को खरसावां विधायक दशरथ गागराई ने विधिवत भूमि पूजन कर निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद, रांची के तहत करीब 1.08 करोड़ रुपये की लागत से इन आठ कमरों का निर्माण किया जाएगा।
शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए विधायक दशरथ गागराई ने कहा कि शिक्षा व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का सबसे महत्वपूर्ण माध्यम है। शिक्षा ही बेहतर भविष्य की मजबूत नींव तैयार करती है। विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण के साथ पर्याप्त आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना जरूरी है। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में कमरों की कमी दूर होने से विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए बेहतर माहौल मिलेगा और शिक्षकों को भी कक्षाओं के संचालन में सुविधा होगी।
विधायक ने कहा कि वार्षिणी प्लस टू उच्च विद्यालय में आठ अतिरिक्त कमरों का निर्माण होने से विद्यार्थियों को काफी सहूलियत मिलेगी। इससे कक्षाओं के संचालन में होने वाली परेशानियां दूर होंगी और विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियां अधिक व्यवस्थित तरीके से संचालित हो सकेंगी।
उन्होंने शिक्षकों से विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के साथ विद्यालय में अनुशासन और सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण बनाए रखने की अपील की। विधायक ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। क्षेत्र के विद्यालयों में विद्यार्थियों की जरूरत के अनुरूप संसाधन उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने विद्यालय की अन्य समस्याओं के समाधान के लिए भी आवश्यक पहल करने का भरोसा दिलाया।
शिक्षकों और विद्यार्थियों ने किया स्वागत
शिलान्यास कार्यक्रम से पूर्व विद्यालय परिसर पहुंचने पर शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं स्थानीय लोगों ने विधायक दशरथ गागराई का स्वागत किया। कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि अर्जुन गोप, उद्योग विभाग के प्रतिनिधि मांगीलाल महतो, सरायकेला प्रखंड के उप प्रमुख बासुदेव महतो, झामुमो केंद्रीय सदस्य सुधीर महतो, अल्पसंख्यक जिला अध्यक्ष जन्नत हुसैन, जिला उपाध्यक्ष संजय प्रधान, प्रखंड अध्यक्ष भगत महतो, डॉक्टर महतो, नरेंद्र महतो, लालचंद महतो, कुंदन मुखी एवं उखाड़ मांझी समेत झामुमो के कई कार्यकर्ता उपस्थित थे। मौके पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं भी मौजूद रहे।
