खरसावां के आमदा में पिछले 11 वर्षों से अधूरा
पड़ा निर्माणाधीन पांच सौ बेडेड अस्पताल को लेकर सांसद
ने उठाई आवाज, स्वास्थ्य मंत्री ने दिया आश्वासन,
ranchi खरसावां के आमदा में आज भी निर्माणाधीन पांच सौ बेडेड अस्पताल की नींव डालकर स्वास्थय के क्षेत्र में अच्छी पहल तो की गई परन्तु इसका पूरा होने का इंतजार है।
खरसावां के अत्याधुनिक अस्पताल का निर्माण कार्य पिछले 11 वर्षों से अधूरा पड़ा है। वर्ष 2014 तक इस अस्पताल का निर्माण पूरा हो जाना था। लेकिन यह अब भी खंडहर के रूप में खड़ा है। इस मुद्दे को लेकर अब खूंटी के सांसद कालीचरण मुंडा ने सक्रिय पहल की है।

शनिवार को सांसद कालीचरण मुंडा ने रांची में झारखंड सरकार के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी से इस मामले को लेकर मुलाकात की। उन्होंने मंत्री को बताया कि 153.96 करोड़ रुपये की लागत से शुरू हुआ यह अस्पताल आज तक आम जनता के किसी काम नहीं आ सका है। निर्माण कार्य दो साल से ठप पड़ा है और अब अस्पताल को चालू कराने के लिए अतिरिक्त 353.04 करोड़ रुपये की जरूरत बताई जा रही है। यह पूरी राशि सरकार को प्रस्तावित की जा चुकी है।
मुलाकात के दौरान स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने आश्वस्त किया कि वे स्वयं खरसावां जाएंगे और स्थल का निरीक्षण कर 11 वर्षों से अधूरे पड़े अस्पताल भवन का कार्य जल्द से जल्द पूर्ण कराने की दिशा में कदम उठाएंगे। उन्होंने कहा कि यह जनहित से जुड़ा मामला है और इसमें सरकार गंभीरता से कार्रवाई करेगी। गौरतलब है कि यह अस्पताल परिसर 25 एकड़ भूमि पर फैला हुआ है, और भविष्य में इसे मेडिकल कॉलेज के रूप में भी विकसित करने की योजना है। अगर यह अस्पताल जल्द शुरू होता है, तो खरसावां सहित कोल्हान प्रमडलीय क्षेत्र के लाखों लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा का लाभ मिल सकेगा।
