झारखंड की कला एवं संस्कृति राज्य का आईना : सोमनाथ सोनाराम
जिला स्तरीय गीत-संगीत प्रतियोगिता में लगभग 200 कलाकारों ने लिया हिस्सा, विक्रम हालदार एवं टीम बनी सर्वश्रेष्ठ,
Seraikella
सरायकेला। झारखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित जिला स्तरीय गीत-संगीत सह स्क्रीनिंग प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए जिला परिषद अध्यक्ष श्री सोमनाथ सोनाराम बोदरा ने कहा कि झारखंड की कला एवं संस्कृति राज्य का आईना है। इसकी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और कलात्मक अभिव्यक्ति में हमारी जीवनशैली, परंपरा एवं पहचान प्रतिबिंबित होती है।

उन्होंने कहा कि झारखंड की लोककला, गीत-संगीत और सांस्कृतिक परंपराएं राज्य की विशिष्ट पहचान हैं। ऐसे आयोजन स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच प्रदान करते हैं तथा हमारी सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
झारखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित इस जिला स्तरीय गीत-संगीत सह स्क्रीनिंग प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से लगभग 200 कलाकारों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने अपनी गायन प्रतिभा एवं शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया।
प्रतियोगिता में अपनी बेहतरीन गायन प्रस्तुति के दम पर आदित्यपुर के विक्रम हलधर एवं उनकी टीम को सर्वश्रेष्ठ टीम घोषित किया गया। उनकी शानदार प्रस्तुति ने निर्णायक मंडली का ध्यान आकर्षित किया और टीम ने प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए शीर्ष स्थान हासिल किया।
यह आयोजन जिले की सांस्कृतिक प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने तथा झारखंड की समृद्ध कला एवं संगीत परंपरा को आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ। समारोह को जिला खेल पदाधिकारी श्री अमित कुमार ने भी संबोधित किया जबकि कार्यक्रम का संचालन मोहम्मद दिलदार ने किया।
