दुर्गा पूजा में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर शांति समिति की बैठक
Seraikella
सरायकेला। दुर्गा पूजा के दौरान शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर मंगलवार को सरायकेला थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी विनय कुमार सिंह ने की। इसमें सरायकेला, सीनी, दुगनी, कोलाबीरा, गोविंदपुर एवं चमरू क्षेत्र की पूजा समितियों के सदस्य शामिल हुए।
बैठक में पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई। थाना प्रभारी ने सभी पूजा समितियों को पूजा पंडालों में पर्याप्त संख्या में वालंटियर तैनात रखने का निर्देश दिया, ताकि भीड़ को नियंत्रित करने के साथ किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
इसके अलावा सभी पूजा पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगाने, अग्निशमन यंत्र की व्यवस्था रखने तथा आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा गया। रावण दहन कार्यक्रम के दौरान विशेष सतर्कता बरतने और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने का निर्देश भी पूजा समितियों को दिया गया।
बैठक में पूजा के दौरान स्वच्छता व्यवस्था पर भी विशेष जोर दिया गया। समितियों से पंडाल एवं आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई बनाए रखने की अपील की गई। बैठक में पद्मश्री छुटनी महतो, इंस्पेक्टर राजेश स्टूडियो सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं पूजा समितियों के सदस्य उपस्थित थे।
