गोइलकेरा पहुंचा 5 एमवीए का ट्रांसफार्मर, ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति होगी सुदृढ़
Goilkera
गोइलकेरा: गोइलकेरा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में विद्युत आपूर्ति को सुदृढ़ करने की दिशा में पहल हुई है। विधायक जगत माझी के प्रयास से पांच एमवीए क्षमता का नया पावर ट्रांसफार्मर गोइलकेरा पहुंच गया है। ट्रांसफार्मर को स्थापित करने का काम विद्युत विभाग के अधिकारी और कर्मचारी कर रहे हैं। बताया गया कि करीब दस दिन पूर्व गोइलकेरा पावर हाउस स्थित समीज़ फीडर का ट्रांसफार्मर खराब हो गया था। इसके कारण समीज़ फीडर से जुड़े करीब 40 गांवों में विद्युत आपूर्ति प्रभावित हो गई थी। ग्रामीणों की परेशानी को देखते हुए विधायक के निर्देश पर टाउन फीडर से प्रभावित क्षेत्रों में वैकल्पिक रूप से बिजली आपूर्ति की जा रही थी। हालांकि, टाउन फीडर पर लगातार बढ़ते लोड के कारण विद्युत आपूर्ति व्यवस्था पर अतिरिक्त दबाव पड़ रहा था। इसे देखते हुए विधायक जगत माझी ने विद्युत विभाग के वरीय अधिकारियों से वार्ता कर नया पांच एमवीए का पावर ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराने की पहल की।
ट्रांसफार्मर के गोइलकेरा पहुंचने के बाद विभागीय स्तर पर इसे स्थापित करने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। विद्युत विभाग के अधिकारियों के अनुसार गुरुवार से समीज़ फीडर को नए ट्रांसफार्मर के माध्यम से विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।
नए ट्रांसफार्मर के चालू होने से समीज़ फीडर से जुड़े करीब 40 गांवों में बिजली आपूर्ति व्यवस्था में सुधार आने की उम्मीद है। साथ ही टाउन फीडर पर पड़ रहे अतिरिक्त विद्युत भार में भी कमी आएगी।
