खूंटपानी प्रखंड मुख्यालय के प्रशासनिक भवन के सौंदर्यीकरण कार्य का विधायक ने किया शिलान्यास, 40 लाख से बदलेगी कार्यालय की सूरत, होगा सौंदर्यीकरण,
Khutpani
खूंटपानी प्रखंड मुख्यालय परिसर में स्थित पखंड सह अंचल कार्यालय के प्रशासनिक भवन के सौंदर्यीकरण, रंग-रोगन एवं मरम्मत कार्य होगा। लगभग 40 लाख रुपये की लागत से कार्यालय की सूरत बदलेगी। ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल चाईबासा की ओर से कराए जाने वाले इस कार्य का विधिवत शिलान्यास खरसावां विधायक दशरथ गागराई के द्वारा किया गया। इस योजना के तहत प्रशासनिक भवन की आंतरिक एवं बाहरी रंगाई-पुताई, आवश्यक मरम्मत, सौंदर्यीकरण सहित अन्य विकासात्मक कार्य किए जाएंगे। इससे भवन की उपयोगिता के साथ-साथ उसका आकर्षण भी बढ़ेगा। मौके पर गागराई ने कहा कि प्रशासनिक भवन किसी भी प्रखंड की पहचान होता है। भवन का सौंदर्यीकरण, रंग-रोगन और आवश्यक मरम्मत होने से कार्यालय का स्वरूप बेहतर होगा। साथ ही यहां विभिन्न कार्यों के लिए आने वाले ग्रामीणों को भी स्वच्छ और बेहतर वातावरण मिलेगा। उन्होंने कहा कि सरकारी कार्यालयों का बेहतर रखरखाव आम लोगों के बीच सकारात्मक संदेश देता है। इससे कर्मचारियों को भी बेहतर कार्य वातावरण उपलब्ध होता है। विधायक ने संबंधित अधिकारियों और संवेदक को निर्माण कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूरा करने का निर्देश दिया। विधायक ने कहा कि कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए और सरकारी राशि का पूरी तरह सदुपयोग सुनिश्चित किया जाए। इस शिलान्यास समारोह में बीडीओ धनंजय पाठक, अंचल अधिकारी फुलेश्वर साहु, जिप सदस्य जमुना तियू, विधायक प्रतिनिधि दुर्गा चरण पाडिया, डिबू तियू, सतीश पुरती, अमरेश महतो सहित आदि उपस्थित थे।
