ओत् गुरु कोल लाको बोदरा जयंती पर विद्यार्थियों को बांटी शैक्षणिक सामग्री जूडी टीम ने रिडिंगदा और लखनडीह स्कूल में पहुंचकर बच्चों को किया शिक्षा के प्रति प्रेरित,
kharsawan
खरसावां मे ओत् गुरु कोल लाको बोदरा की जयंती के अवसर पर शनिवार को जूडी टीम की ओर से ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों के बीच शैक्षणिक सामग्री का वितरण किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य जरूरतमंद बच्चों को आवश्यक शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराने के साथ उन्हें शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करना था। इसी क्रम में जूडी टीम के सदस्यों ने खरसावां प्रखंड अंतर्गत रिडिंगदा स्कूल एवं लखनडीह स्कूल का दौरा किया।

यहां विद्यार्थियों के बीच शैक्षणिक सामग्री वितरित की गई। इस दौरान टीम के सदस्यों ने बच्चों से शिक्षा, अनुशासन, मेहनत और उनके भविष्य को लेकर संवाद किया। विद्यार्थियों को नियमित रूप से पढ़ाई करने और अपने लक्ष्य के प्रति गंभीर रहने के लिए प्रेरित किया गया। जूडी टीम की ओर से बताया गया कि कार्यक्रम के आयोजन को लेकर विद्यालयों के प्रधानाचार्यों से पहले ही समन्वय किया गया था। निर्धारित समय पर विद्यालय पहुंचकर विद्यार्थियों के साथ संवाद और सामग्री वितरण का कार्यक्रम आयोजित किया गया। जूडी टीम ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करना और उनकी जरूरत के अनुसार सहयोग उपलब्ध कराना संस्था की प्राथमिकताओं में शामिल है। टीम की ओर से भविष्य में भी इस तरह के सामाजिक एवं शैक्षणिक कार्यक्रमों को निरंतर आगे बढ़ाने का प्रयास करने की बात कही गई। टीम ने कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग के लिए विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों के प्रति आभार जताया। इस दौरान मुख्य रूप से तुराम बोयपाई, मनोज हेम्ब्रम, मनेन्द्र जामुदा, मंगल जामुदा, सुनीता तापे, रामलाल हेम्ब्रम, राउतु हाईबुरू, मलाकार एवं काजल सरदार समेत जूडी टीम के अन्य सदस्य उपस्थित थे।
