11 हजार वोल्ट बिजली तार की चपेट में आने से मजदूर की मौत
पोडाडीह में धूमकुड़िया भवन निर्माण के दौरान हुआ हादसा, परिजनों में पसरा मातम
Kharsawan
खरसावां। खरसावां थाना क्षेत्र के शिमला पंचायत अंतर्गत पोडाडीह गांव में सोमवार को धूमकुड़िया भवन निर्माण कार्य के दौरान करंट लगने से 25 वर्षीय मजदूर डॉक्टर नायक की मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई, वहीं मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार डॉक्टर नायक सोमवार को पोडाडीह गांव में धूमकुड़िया भवन निर्माण कार्य में मजदूरी कर रहा था। इसी दौरान निर्माण स्थल के ऊपर से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन बिजली तार के संपर्क में वह आ गया। करंट की चपेट में आते ही वह गंभीर रूप से झुलसकर जमीन पर गिर पड़ा।
घटना के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल उसे उपचार के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाते हुए दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
इधर, मजदूर की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में मातम पसर गया। ग्रामीणों ने निर्माण स्थल के ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन बिजली तारों को लेकर चिंता जताते हुए सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण कार्य के दौरान बिजली तारों से पर्याप्त दूरी और सुरक्षा उपायों का ध्यान रखा जाना जरूरी था।
घटना की सूचना मिलने पर शिमला पंचायत के ग्राम प्रधान प्रवीण प्रताप सिंहदेव भी घटनास्थल पहुंचे और घटना की जानकारी ली। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
