जहरीले सांप के डसने से दो बच्चों की मौत, गांव में पसरा मातम
Kharsawan
खरसावां प्रखंड के संतारी गांव में मंगलवार की सुबह जहरीले सांप के डसने से दो बच्चों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान शिवा जोंकों (11 वर्ष) और सीमा जोंकों (13 वर्ष), पिता सचिन जोंकों, निवासी संतारी, खरसावां के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है।
बताया जाता है कि मंगलवार सुबह करीब पांच बजे दोनों बच्चे घर में सो रहे थे। इसी दौरान जहरीले सांप ने दोनों को डस लिया। सांप के काटने के बाद दोनों बच्चों ने परिवार के सदस्यों को इसकी जानकारी दी और बार-बार बताया कि उन्हें किसी जीव ने काटा है। हालांकि, परिवार की ओर से तत्काल इलाज कराने या घटना की जानकारी आसपास के लोगों को देने में देरी हो गई।
करीब सुबह 11 बजे आसपास के ग्रामीणों को घटना की जानकारी मिली। इसके बाद ग्रामीणों के प्रयास से दोनों बच्चों को इलाज के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेजा गया। अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में ही शिवा जोंकों की मौत हो गई, जबकि सीमा जोंकों ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। अस्पताल में चिकित्सकों ने दोनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया।
ग्रामीणों के अनुसार, समय पर इलाज नहीं मिल पाने के कारण दोनों बच्चों की जान चली गई। घटना से संतारी गांव में शोक की लहर है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
ग्रामीणों ने लोगों से अपील की है कि सांप के काटने की घटना को गंभीरता से लेते हुए बिना समय गंवाए पीड़ित को तत्काल अस्पताल पहुंचाया जाए। ऐसी स्थिति में घरेलू उपचार या देरी के बजाय तुरंत चिकित्सकीय सहायता लेना बेहद जरूरी है।
