खरसावां में धूमधाम से मना 80वां स्वतंत्रता दिवस, जगह-जगह लहराया तिरंगा, सरकारी-गैर सरकारी संस्थानों में हुआ ध्वजारोहण, देश की एकता और अखंडता का लिया संकल्प,
Kharsawan
80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर खरसावां प्रखंड देशभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। गांव से लेकर शहर तक जगह-जगह तिरंगा शान से लहराया गया और राष्ट्रगान व देशभक्ति गीतों के बीच लोगों ने राष्ट्रध्वज को सलामी दी। सरकारी एवं गैर सरकारी संस्थानों में ध्वजारोहण के साथ विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता को मजबूत बनाने तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी का संकल्प लिया गया।

प्रखंड का मुख्य समारोह प्रखंड सह अंचल कार्यालय परिसर में आयोजित हुआ। यहां प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रधान मांझी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर तिरंगे को सलामी दी। मौके पर अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय लोगों की उपस्थिति रही। ध्वजारोहण के बाद अपने संबोधन में बीडीओ प्रधान मांझी ने स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को याद करते हुए कहा कि देश की आजादी उनके संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि आजादी अधिकारों के साथ नागरिकों के कर्तव्यों की भी याद दिलाती है। देश के विकास, सामाजिक समरसता और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने में हर नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है।

विभिन्न संस्थानों में भी फहराया गया तिरंगा
स्वतंत्रता दिवस पर खरसावां थाना परिसर में थाना प्रभारी राहुल कुमार सिंह तथा आमदा ओपी में प्रभारी रामरेखा पासवान ने ध्वजारोहण किया। अग्र परियोजना कार्यालय में पदाधिकारी नीतीश कुमार सिंह, छऊ नृत्य कला केंद्र एवं प्रखंड संसाधन केंद्र में बीडीओ प्रधान मांझी ने तिरंगा फहराया।
राजकीय कन्या मध्य विद्यालय में प्राचार्य उमा कुमारी, आदर्श मध्य विद्यालय में प्राचार्य माजिद खान, खरसावां उच्च विद्यालय में प्राचार्य मंजू हेम्ब्रम, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सुजीत कुमार मुर्मू, जिला स्पोर्ट्स एसोसिएशन कार्यालय में वरीय उपाध्यक्ष उमेश सिंहदेव एवं छोटराय किस्कू तथा ब्लू वेल्स इंग्लिश स्कूल में निदेशक डोमनिक राज ने ध्वजारोहण किया।
झामुमो कार्यालय में विधायक दशरथ गागराई ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर तिरंगे को सलामी दी। खरसावां पंचायत भवन में मुखिया सुनीता तापे तथा सिमला पंचायत भवन में मुखिया विशुलाल मांझी ने ध्वजारोहण किया। वहीं वन क्षेत्र कार्यालय में प्रभारी वनपाल वीरेंद्र माहली सहित विभिन्न पंचायत भवनों, सरकारी कार्यालयों, विद्यालयों एवं अन्य संस्थानों में भी राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। कई स्थानों पर राष्ट्रगान, देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। पूरे दिन खरसावां में जश्न-ए-आजादी का माहौल बना रहा। लोगों ने स्वतंत्रता सेनानियों को नमन करते हुए देश की प्रगति और समृद्धि के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।
