रथ यात्रा की तैयारियों का एसपी ने लिया जायजा, नगर क्षेत्र में किया पैदल मार्च
Seraikella
सरायकेला। आगामी रथ यात्रा महोत्सव को लेकर पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी ने गुरुवार को नगर क्षेत्र में पैदल मार्च कर सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था की तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने रथ यात्रा मार्ग, प्रमुख चौक-चौराहों तथा भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों का निरीक्षण करते हुए आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की।
पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि रथ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम सुनिश्चित किए जाएं। उन्होंने आयोजन समिति के सदस्यों से भी बातचीत कर उनकी आवश्यकताओं और सुझावों की जानकारी ली।
इस अवसर पर रथ यात्रा समिति के अध्यक्ष लिपू महंती, सचिव शंकर सतपती, राजा सिंहदेव सहित समिति के अन्य सदस्य मौजूद रहे। सभी ने शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित रथ यात्रा आयोजन को लेकर प्रशासन को सहयोग का भरोसा दिलाया। पुलिस प्रशासन ने भी श्रद्धालुओं से सौहार्दपूर्ण माहौल बनाए रखने और प्रशासनिक निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
