*विश्व जनसंख्या दिवस-2026 के सफल आयोजन को लेकर उप विकास आयुक्त की अध्यक्षता में अंतर्विभागीय समन्वय बैठक आयोजित, विभिन्न विभागों को सौंपे गए दायित्व…*
Seraikella
विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर 11 जुलाई, 2026 से 10 अगस्त, 2026 तक आयोजित किए जाने वाले जनसंख्या स्थिरीकरण एवं परिवार नियोजन पखवाड़ा कार्यक्रम के सफल आयोजन को लेकर आज उप विकास आयुक्त श्रीमती रीना हांसदा की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अंतर्विभागीय समन्वय बैठक आयोजित की गई।
बैठक में कार्यक्रम के सफल संचालन हेतु विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित करते हुए जन-जागरूकता गतिविधियों को व्यापक स्तर पर संचालित करने, अधिक से अधिक योग्य लाभुकों तक परिवार नियोजन सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने तथा विभागवार निर्धारित दायित्वों का समयबद्ध निर्वहन करने पर बल दिया गया।
*बैठक के दौरान उप विकास आयुक्त ने विभागवार निम्नलिखित आवश्यक निर्देश दिए—*
*शिक्षा विभाग* को निर्देश दिया गया कि कक्षा 10वीं एवं 12वीं के विद्यार्थियों को परिवार नियोजन एवं जनसंख्या स्थिरीकरण से संबंधित जागरूकता कार्यक्रमों से जोड़ते हुए शिविरों में सहभागिता के लिए प्रेरित किया जाए।
*समाज कल्याण विभाग* को निर्देशित किया गया कि सीडीपीओ के माध्यम से आंगनबाड़ी सेविकाओं के सहयोग से ग्राम स्तर पर परिवार नियोजन एवं जनसंख्या नियंत्रण के विभिन्न उपायों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए तथा पात्र लाभुकों को परिवार नियोजन शिविरों तक पहुंचने के लिए प्रेरित किया जाए।
*पंचायती राज विभाग* (PRI) को निर्देश दिया गया कि ग्राम प्रधान, मुखिया, वार्ड सदस्य एवं अन्य जनप्रतिनिधियों के माध्यम से जनसंख्या स्थिरीकरण एवं परिवार नियोजन के प्रति ग्रामीणों को जागरूक किया जाए तथा 11 जुलाई से 10 अगस्त तक आयोजित परिवार नियोजन पखवाड़ा के शिविरों में अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित कराई जाए।
*शहरी निकाय (ULB)* को निर्देशित किया गया कि शहरी क्षेत्रों में नगर आयुक्त, कार्यपालक पदाधिकारी एवं संबंधित पदाधिकारी परिवार नियोजन शिविरों के व्यापक प्रचार-प्रसार के साथ योग्य दंपत्तियों को शिविरों तक पहुंचाने हेतु आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।
*झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS)* को निर्देश दिया गया कि स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से ग्राम स्तर पर परिवार नियोजन एवं जनसंख्या स्थिरीकरण के संबंध में जागरूकता अभियान चलाया जाए तथा पात्र लाभुकों को परिवार नियोजन शिविरों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया जाए।
बैठक में सभी संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित कार्ययोजना के अनुरूप अभियान का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा विश्व जनसंख्या दिवस एवं परिवार नियोजन पखवाड़ा को जनभागीदारी आधारित अभियान के रूप में सफल बनाने का निर्देश दिया गया।
बैठक में सिविल सुर्जुन डॉ सरयू प्रसाद सिंह, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी श्रीमती सत्या ठाकुर, जिला शिक्षा अधीक्षक, सभी MOIC, चिकित्सा पदाधिकारी एवं अन्य सम्बन्धित पदाधिकारी उपस्थित रहे।
