नशामुक्ति का दिया संदेश, सामाजिक पुलिसिंग के तहत लोगों से किया संवाद
Seraikella
सरायकेला, 4 जुलाई। जिले के नए पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार के पदभार ग्रहण करने के बाद सामाजिक पुलिसिंग को मजबूत बनाने और अपराध नियंत्रण को प्रभावी बनाने की दिशा में सरायकेला पुलिस ने सक्रिय पहल शुरू कर दी है। इसी कड़ी में शनिवार को सरायकेला थाना प्रभारी विनय कुमार के नेतृत्व में नगर क्षेत्र में विशेष पैदल गश्ती अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान पुलिस टीम ने नगर के विभिन्न चौक-चौराहों, बाजारों एवं सार्वजनिक स्थलों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। गश्ती के दौरान पुलिस ने संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के साथ-साथ आम लोगों से संवाद स्थापित किया और उनकी समस्याओं एवं सुझावों को गंभीरता से सुना।
इस अवसर पर पुलिस पदाधिकारियों ने लोगों को नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश देते हुए युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों के लिए घातक है। किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि, नशा कारोबार अथवा संदिग्ध व्यक्तियों की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की भी अपील की गई।
थाना प्रभारी विनय कुमार ने कहा कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास एवं सहयोग अपराध नियंत्रण की सबसे बड़ी ताकत है। आम नागरिकों के सहयोग से ही सुरक्षित एवं अपराधमुक्त समाज का निर्माण संभव है। उन्होंने लोगों को आश्वस्त किया कि सरायकेला पुलिस उनकी सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार ऐसे जनसंपर्क एवं जागरूकता अभियान चलाए जाते रहेंगे।
