कुचाई में बिरसा कृषि जागरूकता रथ रवाना, किसानों को योजनाओं व आधुनिक खेती की मिलेगी जानकारी,
Kuchai
कुचाई प्रखंड मुख्यालय से शनिवार को कृषि एवं संबद्ध विभागों की योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से बिरसा कृषि जागरूकता रथ अभियान का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में कुचाई प्रमुख गुड्डी देवी, प्रखंड विकास पदाधिकारी साधु चरण देवगम, विधायक प्रतिनिधि अर्जुन गोप, प्रखंड कृषि पदाधिकारी ल्यूमिनस हेंब्रम एवं बीटीएम राजेश कुमार ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर जागरूकता रथों को रवाना किया।
अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान किसानों तक सरकार की कृषि एवं संबद्ध योजनाओं की जानकारी प्रभावी ढंग से पहुंचाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। जागरूकता रथ अगले तीन दिनों तक प्रखंड की विभिन्न पंचायतों एवं गांवों का भ्रमण करेंगे और किसानों को आधुनिक एवं वैज्ञानिक खेती के तरीकों से अवगत कराएंगे।
अभियान के दौरान किसानों को उन्नत बीजों के उपयोग, मृदा स्वास्थ्य प्रबंधन, प्राकृतिक एवं जैविक खेती, कृषि यंत्रीकरण, फसल विविधीकरण, जल संरक्षण, पशुपालन, डेयरी विकास तथा कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। साथ ही योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया, तकनीकी मार्गदर्शन और विभागीय सुविधाओं के बारे में भी जानकारी प्रदान की जाएगी, ताकि अधिक से अधिक किसान इन योजनाओं से जुड़कर अपनी कृषि उत्पादकता और आय में वृद्धि कर सकें।
इस अवसर पर धर्मेंद्र सिंह मुंडा, मुन्ना सोय सहित कृषि विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने किसानों से जागरूकता रथ अभियान का लाभ उठाने और सरकारी योजनाओं से जुड़कर आत्मनिर्भर कृषि की दिशा में आगे बढ़ने की अपील की।
