सरायकेला छऊ कला केंद्र संचालक को लेकर अनुमंडल पदाधिकारी के अध्यक्षता में हुई बैठक
Seraikella
सरायकेला। राजकीय छऊ नृत्य कला केंद्र में एक बार फिर प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रारंभ करने की तैयारी शुरू कर दी गई है। इसके लिए केंद्र के सभी आवश्यक पदों को भरते हुए छऊ परियोजना को पुनः संचालित किया जाएगा, ताकि आने वाली पीढ़ी को सरायकेला की समृद्ध छऊ नृत्य परंपरा से जोड़ा जा सके और उन्हें विधिवत प्रशिक्षण प्रदान किया जा सके।
कला केंद्र को सुव्यवस्थित एवं सक्रिय बनाने के उद्देश्य से गुरुवार को कला केंद्र के सचिव सह अनुमंडल पदाधिकारी अभिनव प्रकाश की अध्यक्षता में कार्यालय सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज चौधरी सहित क्षेत्र के कई वरिष्ठ छऊ कलाकार एवं कला प्रेमी उपस्थित रहे।
बैठक में छऊ कला के संरक्षण, संवर्धन एवं प्रचार-प्रसार को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। कलाकारों ने केंद्र की गतिविधियों को नियमित रूप से संचालित करने तथा युवाओं को प्रशिक्षण से जोड़ने के लिए विभिन्न सुझाव भी दिए। अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि कला केंद्र को पुनर्जीवित करने और छऊ की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
