खरसावां में जेसीबी से कटी 11 हजार वोल्ट की अंडरग्राउंड
केबल, 30 गांवों में 13 घंटे बिजली गुल; ग्रामीणों ने 5 घंटे तक श्री
झारखंड सीमेंट कंपनी गेट को जाम कर किया धरना प्रदर्शन,
kharsawan
खरसावां प्रखंड के हांसदा स्थित श्री झारखंड सीमेंट कंपनी की लापरवाही के कारण मंगलवार को करीब 30 गांवों की बिजली आपूर्ति 13 घंटे तक ठप रही। कंपनी द्वारा बुरूडीह-रेगोगोडा रेलवे ओवरब्रिज के समीप जेसीबी से खुदाई के दौरान दोपहर करीब 1 बजे 11 हजार वोल्ट की अंडरग्राउंड हाई-टेंशन बिजली केबल कट गई। इससे क्षेत्र की बिजली व्यवस्था पूरी तरह बाधित हो गई और हजारों उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। घटना के बाद चिलकू, सिमला, विटापुर पंचायत समेत आसपास के लगभग 30 गांवों में बिजली आपूर्ति बंद हो गई। देर शाम तक बिजली बहाल नहीं होने और केबल मरम्मत का कार्य शुरू नहीं होने से ग्रामीणों का आक्रोश बढ़ गया। बड़ी संख्या में लोग पहले घटनास्थल पर पहुंचे और बाद में रात करीब 9 बजे श्री झारखंड सीमेंट कंपनी के मुख्य गेट पर पहुंचकर प्रवेश एवं निकासी पूरी तरह रोक दी।

ग्रामीणों ने कंपनी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने, क्षतिग्रस्त अंडरग्राउंड हाई-टेंशन केबल को तत्काल जोड़ने तथा भविष्य में ऐसी लापरवाही पर रोक लगाने की मांग को लेकर धरना-प्रदर्शन किया। करीब 100 से 150 ग्रामीणों ने लगभग पांच घंटे तक कंपनी का मुख्य गेट जाम रखा। कंपनी अधिकारियों द्वारा केबल मरम्मत कार्य तत्काल शुरू कराने और समस्या के समाधान का आश्वासन दिए जाने के बाद रात करीब 1 बजे ग्रामीणों ने जाम समाप्त किया। इसके बाद मरम्मत कार्य पूरा होने पर बुधवार सुबह करीब 3 बजे बिजली आपूर्ति बहाल की गई। इस संबंध में श्री झारखंड सीमेंट कंपनी के अधिकारी संतोष उपाध्याय ने बताया कि खुदाई के दौरान अंडरग्राउंड हाई-टेंशन केबल क्षतिग्रस्त हो गई थी। उन्होंने कहा कि केबल जोड़ने का कार्य तत्काल शुरू कर दिया गया था, लेकिन तकनीकी प्रक्रिया होने के कारण इसमें समय लगा। इस दौरान मुख्य रूप से प्रभाकर मंडल, सुधीर मंडल, हेमंत मंडल, अखेलेश्वर महतो, कंचन चौहान, लखन महतो सहित विभिन्न गांव के ग्रामीण उपस्थित थे।
कंपनी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग
ग्रामीणों का आरोप था कि कंपनी की लापरवाही के कारण अंडरग्राउंड बिजली केबल क्षतिग्रस्त हुई, जिससे करीब 30 गांवों के हजारों उपभोक्ताओं को 13 घंटे तक बिजली संकट का सामना करना पड़ा। उन्होंने संबंधित कंपनी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। ताकि भविष्य में इस तरह की लापरवाही की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने की मांग की।
इन गांवों में रही बिजली गुल
केबल कटने के कारण चिलकू, रेगोगोडा, गोजुडीह, साडेबुरू, धातकीडीह, बलरामपुर, जगन्नाथपुर, बागरायडीह, रेगुडीह, गुराडीह, बड़गांव, रायडीह, संतारी, बुडूगुटू, आमडीहा, विटापुर, सिदाडीह, सोखानडीह, नारायडीह, मोसोडीह, तेतुलटांड़, कुलटांड़, बानडीह, सिलडुगरी, काशीडीह, कल्याणडीह, विषयगोड़ा, बंदिराम, लालबाजार, कोडासई, पगनाथडीह, सहरबेड़ा, पाड़ेयाबादी और गुडीसाई समेत लगभग 30 गांवों में मंगलवार दोपहर 1रू30 बजे से बुधवार सुबह 3 बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। इससे उमस भरी गर्मी में लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।
